संपादित :::: जाम से बचाएगा ओवरब्रिज अंडरपास घटाएगा दूरी
बजट जारी उतरेठिया-आलमनगर बाईपास की क्रॉसिंग नंबर सात सी पर बनेगा सब-वे ट्रांसपोर्ट नगर से आलमनग
बजट जारी
उतरेठिया-आलमनगर बाईपास की क्रॉसिंग नंबर सात सी पर बनेगा सब-वे
ट्रांसपोर्ट नगर से आलमनगर के बीच गेट संख्या 207 सी पर बनेगा एक अंडरपास
बंगला बाजार के पास गेट नंबर पांच सी पर बनेगा चार लेन वाला ओवरब्रिज
जागरण संवाददाता, लखनऊ : नीलमथा से वृंदावन जाने में अभी लोगों को पांच किमी. का चक्कर लगाना पड़ता है। तो वहीं बंगला बाजार में जाम की समस्या से भी जूझना पड़ता है। अब यह समस्या जल्द दूर होने वाली है। रेलवे यहां एक अंडरपास, एक सब-वे और एक ओवरब्रिज बनाएगा।
कैंट से सटे नीलमथा इलाके में अधिकांश पूर्व सैनिक और सेवारत जवानों के परिवार रहते हैं। घनी आबादी वाले इस इलाके में प्रवेश के लिए एक सीधा रास्ता छावनी के बहादुर शाह मार्ग होकर जाता है। हालांकि कड़ी सुरक्षा वाले इस रास्ते पर देर रात प्रवेश कई बार बंद हो जाता है। जिससे लोगों को राजीव नगर घोसियाना होकर वृंदावन की ओर जाना पड़ता है। यदि लोगों को पीजीआइ भी पहुंचना हो तो चार से पांच किलोमीटर ज्यादा दूरी तय करनी पड़ती है। अब रेलवे इस क्षेत्र को सीधे वृंदावन कालोनी से जोड़ेगा। इसके लिए वह उतरेठिया-आलमनगर बाईपास की क्रॉसिंग नंबर सात सी पर सीमित ऊंचाई वाला सब-वे बनाएगा। वहीं ट्रांसपोर्ट नगर से आलमनगर के बीच गेट संख्या 207 सी पर भी एक अंडरपास बनेगा। इसके लिए रेलवे ने संरक्षा कोष से 4.81 करोड़ का बजट आवंटित किया है। जिसमें से ढाई करोड़ रुपये जारी भी हो गए हैं। अब रेलवे मंडल प्रशासन इसकी जीएडी को मंजूरी के लिए मुख्यालय भेजेगा। वहां से मंजूरी मिलते ही इसके निर्माण की टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी।
वहीं बंगला बाजार के पास गेट नंबर पांच सी पर चार लेन वाले ओवरब्रिज को संरक्षा कोष से बनाया जाएगा। इसके लिए 37.16 करोड़ रुपये का बजट भी आवंटित हो गया है। अब यहां की जीएडी बनाने के लिए एक टीम जल्द ही आएगी।