काम पर लौटने के लिए बसों की मारामारी
लखनऊ : होली के बाद काम वापस जाने के लिए बस अड्डों पर लोगों की भीड़ देखने को मिल रही है। यात्रियों
लखनऊ :
होली के बाद काम वापस जाने के लिए बस अड्डों पर लोगों की भीड़ देखने को मिल रही है। यात्रियों की बढ़ी हुई संख्या देखते हुए अतिरिक्त बसें भी खचाखच भर कर रवाना हो रही हैं। सबसे ज्यादा यात्रियों की भीड़ दिल्ली रूट पर है।
गुरुवार को चारबाग और कैसरबाग बस अड्डे से दिल्ली रूट पर जाने वाले लोगों की भारी संख्या दिखी। साधारण से लेकर एसी बसों में सीटों के लिए यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दिल्ली के अलावा, देहरादून, आगरा व जयपुर रूट पर जाने वाली बसें भी यात्रियों से फुल होकर रवाना हुई। इन रूटों पर निगम प्रबंधन ने अतिरिक्त बसों का संचालन किया गया, लेकिन इनमें यात्रियों को सीटों के लिए परेशान होना पड़ा।
वॉल्वो, शताब्दी व जनरथ बसों में ऑनलाइन सीटें बुक होने के बाद बस अड्डे से रवाना होते समय भी सारी सीटें मिनटों में फुल हो गई। सबसे ज्यादा यात्रियों की भीड़ आलमबाग डिपो की एसी वॉल्वो बसें व अवध डिपो की जनरथ बसों में हैं। चारबाग डिपो के एआरएम आरके त्रिपाठी ने बताया कि सुबह से ही यात्रियों की संख्या बस अड्डे पर बढ़ी दिख रही है। इनमें सबसे ज्यादा यात्री दिल्ली के लिए रवाना हुए। दिल्ली रूट पर नियमित व अतिरिक्त बसों को मिलाकर इस समय लगभग पचास बसों का संचालन हो रहा है।
फुल होकर जा रहीं पर खाली आ रहीं बसें :
एआरएम अवध डिपो अम्बरीन अख्तर ने बताया कि होली के बाद काम पर वापस जाने के चलते बसों में यात्रियों की संख्या अच्छी हो रही है। सभी बसें यात्रियों से फुल होकर जा रही हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली रूट की सभी बसें यहां से तो फुल होकर जा रही हैं पर वापसी में बसें खाली आ रही हैं। उधर से लखनऊ आने वाले यात्रियों की संख्या न के बराबर है।