कर्मचारियों को नहीं मिल रहीं मूलभूत सुविधाएं
लखनऊ : संगीत नाटक अकादमी व कथक केंद्र के कर्मचारियों में मूलभूत सुविधा न मिलने से नाराजगी झलक रही है
लखनऊ : संगीत नाटक अकादमी व कथक केंद्र के कर्मचारियों में मूलभूत सुविधा न मिलने से नाराजगी झलक रही है। लगभग दो वर्ष पहले संस्कृति मंत्री स्वतंत्र प्रभार अरुण कुमार कोरी के निर्देश के बाद भी अभी तक कर्मचारी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। कर्मचारियों ने सोमवार को संस्कृति विभाग को पत्र भेजकर उन्हें कर्मचारियों की समस्या के बारे में अवगत कराकर जल्द ही समाधान कराने की मांग की है।
संगीत नाटक अकादमी व कथक केंद्र के कर्मचारी संघ की ओर से भेजे गए पत्र में परिवारिक पेंशन, अवकाश नकदीकरण व बोनस की मुख्य रूप से मांग की गई है। इस पत्र के साथ संस्कृति मंत्री के निर्देश की कापी भी भेजी गई है। संघ के अध्यक्ष सुरेश चंद्र ने बताया कि पिछले कई वर्षो से हम कर्मचारियों की मूलभूत सुविधाओं की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक शासन ने कोई भी उचित कदम नहीं उठाए है। संस्कृति मंत्री के निर्देश के बावजूद कर्मचारियों को मूलभूत सुविधा नही मिली है। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों को स्वास्थ्य प्रतिपूर्ति की भी सुविधा नही मिलती है। वहीं अन्य संस्थानों में कर्मचारियों को यह सभी सुविधा दी जा रही है।