भागवताचार्य की प्रेमकथा पर रीझी लखनऊ की विवाहिता
वृंदावन के एक भागवताचार्य ने लखनऊ में कथा प्रवचन करते-करते एक विवाहिता को अपनी प्रेमकथा का मुख्य किरदार बना लिया। नेवी में अफसर पति से तलाक दिलवाकर शादी रचाई। उसका मकान-कार बिकवाकर रकम हड़प ली। करीब दो साल तक लखनऊ में ही रहने के बाद एक दिन जब वृंदावन चलने
लखनऊ। वृंदावन के एक भागवताचार्य ने लखनऊ में कथा प्रवचन करते-करते एक विवाहिता को अपनी प्रेमकथा का मुख्य किरदार बना लिया। नेवी में अफसर पति से तलाक दिलवाकर शादी रचाई। उसका मकान-कार बिकवाकर रकम हड़प ली। करीब दो साल तक लखनऊ में ही रहने के बाद एक दिन जब वृंदावन चलने की तैयारी हुई, तो भागवताचार्य रात में ही रफूचक्कर हो गया। विवाहिता ने उसके भाइयों से अपनी बर्बादी का वास्ता देकर शरण मांगी, तो जान से मारने की धमकी मिली। महिला की शिकायत पर वृंदावन पुलिस ने भागवताचार्य के दो भाइयों को हिरासत में ले लिया है।
लखनऊ के कृष्णानगर की रहने वाली इस महिला ने आज मथुरा की वृंदावन कोतवाली पहुंच आपबीती सुनाई। बताया कि पानी गांव क्षेत्र निवासी सुनील कृष्ण पचौरी से करीब तीन साल पहले लखनऊ में भागवत कथा के दौरान उसकी मुलाकात हुई। सुनील पचौरी उसके घर आया और घर में अशांति की बात कहकर हवन-यज्ञ किया। इस दौरान वह सुनील की ओर आकर्षित हो गई। उसकी बातों में आकर पति से तलाक लेकर सुनील ने उसके बड़े भाई राधेश्याम को गवाह बनाते हुए 2012 में ङ्क्षहदू रीति-रिवाज के साथ शादी कर ली, जिसे रजिस्टर्ड कराया। महिला ने सुनील पर भरोसा कर मकान और कार बेच 35 लाख रुपए उसे दे दिए। महिला का कहना था कि इसके बाद से सुनील उससे दूरी बनाने लगा। वृंदावन ले चलने की बात पर बहानेबाजी करता रहा।
गत 8 मई को लखनऊ के सनातन मंदिर में कथा के दौरान आखिरी बार सुनील से उसकी मुलाकात हुई, उस समय उसने कहा कि कल सुबह साथ में वृंदावन चलेंगे, लेकिन वह रात में ही गायब हो गया। महिला ने सुनील के भाइयों आनंद और अनिल से संपर्क किया। कहा कि सुनील से शादी के बाद वो अकेली रह गई है। बेटी ने रिश्ता तोड़ लिया। माता-पिता भी स्वर्ग सिधार चुके हैं। मकान आदि भी हाथ से चला गया। महिला का कहना था कि शरण और मदद की गुहार पर आनंद और अनिल ने उसे धमकी दी कि वृंदावन आई, तो उसकी हत्या करा दी जाएगी। वृंदावन कोतवाल संजय जायसवाल ने बताया कि महिला की शिकायत पर सुनील के दोनों भाइयों को हिरासत में ले लिया है। महिला ने बताया कि उसने सुनील के खिलाफ लखनऊ में भी रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला से रिपोर्ट की कॉपी लाने को कहा गया है, ताकि उसके आधार पर सुनील के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।