भाजपा प्रदेश प्रभारी ने बृजलाल को सदस्यता दिलाकर अपना बनाया
उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक बृजलाल आज विधिवत भाजपा में शामिल हो गए। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उनके साथ आज ज्ञान सिंह और राजेश सिंह भी भाजपा के साथ आए। भाजपा में जाने की उनकी प्रक्रिया पिछले दो माह से चल रही थी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक बृजलाल आज विधिवत भाजपा में शामिल हो गए। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उनके साथ आज ज्ञान सिंह और राजेश सिंह भी भाजपा के साथ आए। भाजपा में जाने की उनकी प्रक्रिया पिछले दो माह से चल रही थी लेकिन बीच में खरमास की वजह से पूरी नहीं हो सकी।
सदस्यता लेने के पहले बृजलाल ने जागरण को बताया कि वह भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। बृजलाल के भाजपा में जाने की खबर को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बसपा सरकार में वह बसपा सुप्रीमो के करीबी रहे लेकिन सियासी पारी खेलने के लिए भाजपा का दामन थामने जा रहे हैं। बृजलाल ने अपनी सेवा के शुरुआती दिनों से ही अपराधियों, माफिया और गैंगस्टर के खिलाफ मुहिम चलाई। आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) का गठन उनकी अगुआई में ही हुआ और कई आतंकियों को पकडऩे में उन्हें कामयाबी भी मिली। बृजलाल इस वजह से कुछ आतंकी संगठनों के निशाने पर रहे और उनकी सुरक्षा को लेकर बराबर खतरा बना रहा। इस खतरे को देखते हुए सरकार ने उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा मुहैया कराई थी। माना जा रहा है कि इन वजहों से बृजलाल भाजपा के लिए मुफीद साबित होंगे। पहले से भी उनकी भाजपा के कुछ बड़े नेताओं से करीबी रही है।