धर्मांतरण पर जनता को भटकाने का प्रयास कर रही भाजपा :अखिलेश
सैफई से लखनऊ जाते वक्त कन्नौज में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी धर्मांतरण पर जनता को भटकाने की कोशिश में लगी है। कन्नौज जिला अस्पताल में डाक्टरों की कमी पर कहा कि पूरे प्रदेश में डाक्टरों की कमी है। डाक्टर बढ़ें, इसीलिए मेडिकल कालेज खोले जा
लखनऊ। सैफई से लखनऊ जाते वक्त कन्नौज में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी धर्मांतरण पर जनता को भटकाने की कोशिश में लगी है। कन्नौज जिला अस्पताल में डाक्टरों की कमी पर कहा कि पूरे प्रदेश में डाक्टरों की कमी है। डाक्टर बढ़ें, इसीलिए मेडिकल कालेज खोले जा रहे हैं। यहां डाक्टर तैयार होंगे तो यह कमी अपने आप खत्म हो जाएगी।
मुख्यमंत्री आज कुछ देर के लिए पार्टी कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सड़क, बिजली, पानी और स्वास्थ्य पर काम कर रही है। जनता विकास चाहती है। कहा कि धर्मांतरण पर भाजपा जनता को भटकाने का प्रयास कर रही है। भाजपा के नेता जो बोल रहे हैं वह जनता अच्छी तरह से समझती है। ये वही लोग है जो मूर्तियों को दूध पिलाते हैं। मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यालय में जिलाधिकारी अनुज कुमार झा, पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार जैन से संक्षिप्त वार्ता की। इससे पहले वह सौरिख में कैंसर से मृत युवक दीपेंद्र यादव के घर गए और उसकी पत्नी पूनम यादव व पिता वीरेंद्र यादव से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने पूनम को मेडिकल कालेज में नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री विजय बहादुर पाल के साथ तिर्वा के एक होटल में रुककर चाय पी। इस दौरान उन्होंने सड़क हादसे में मारे गए पत्रकार अर्पित पाल के परिवारीजन को पांच लाख रुपये आर्थिक मदद देने की घोषणा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मेडिकल कालेज और लाख बहोसी पक्षी विहार की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी भी ली।