पीठ में खंजर घोंपता है पाकिस्तान : योगी
लखनऊ। गोरखपुर से भारतीय जनता पार्टी के सांसद महंत आदित्यनाथ ने कल हापुड़ में पाकिस्तान पर हमला बोला।
लखनऊ। गोरखपुर से भारतीय जनता पार्टी के सांसद महंत आदित्यनाथ ने कल हापुड़ में पाकिस्तान पर हमला बोला। भाजपा के फायर ब्रांड नेता महंत आदित्यनाथ ने कहा पाकिस्तान हमेशा हमारी पीठ में खंजर घोंपता रहा है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान पहले 26 नवंबर को मुबंई पर आतंकी हमला कराने के दोषी हाफिज सईद को पहले भारत को सौंपे, उसके बाद भारत वार्ता की सोचेगा। उन्होंने काले धन के मसले पर केंद्र सरकार का बचाव करते हुए कांग्रेस सरकार को जमकर कोसा तो कैबिनेट मंत्री आजम खां को भी निशाने पर रखा।
हापुड़ के पिलखुवा में आदित्यनाथ ने पाकिस्तान, उत्तर प्रदेश सरकार व कांग्रेस पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने कहा भारत सरकार पाकिस्तान से तभी वार्ता करेगी जब पाकिस्तान आतंकवाद का रास्ता छोड़कर हमेशा के लिए ईमानदारी के रास्ते पर चले। आतंकवाद से मिले घावों को भारत कभी भुला नहीं सकता है। उन्होंने कहा कि हम तो हमेशा से पड़ोसी के बेहतर संबंध बनाने के पक्षधर रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी वाजपेयी ने भी पाकिस्तान से वार्ता की थी, लेकिन उसके बदले कारगिल युद्ध हमें लड़ना पड़ा था। पूरी दुनिया पाकिस्तान का सच जान चुकी है। पाकिस्तान को बदलना होगा अन्यथा उसके परिणाम उसके सामने होंगे।
काले धन पर मचे घमासान पर उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद कांग्रेस ने एसआईटी का गठन तक नहीं किया था। भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही एसआईटी का गठन किया। जो लोग आज शोर मचा रहे है। हकीकत में काले धन का बोझ उनका ही डाला हुआ है। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री आजम खां पर फिर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि संवैधानिक पद पर तैनात व्यक्ति को इस प्रकार से नहीं बोलना चाहिए। आजम खां अपने पद का लगातार दुरुपयोग कर रहे हैं।