अन्याय और भ्रष्टाचार के खिलाफ समाज को विद्रोह करना होगा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि समाज में बहुत बड़ी ताकत होती है।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि समाज में बहुत बड़ी ताकत होती है। सामाजिक सौहार्द व आपसी भाईचारे से ही प्रदेश व देश का विकास संभव है। सौहार्दहीन और टूटे हुए राज्य व देश का विकास कभी नहीं होता। अन्याय, अपराध व भ्रष्टाचार के खिलाफ समाज को विद्रोह करना होगा। गलत रवैये पर समाज की खामोशी लोकतंत्र को कमजोर करती है। जनता की सही सोच व सच्ची आवाज से लोकतंत्र की दिशा बदल जाती है।
मुजफ्फरनगर जिला बार संघ की ओर से अभिनंदन समारोह में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि समाजवादी सरकार अधिवक्ताओं की भलाई सोचती है और कुछ न कुछ करती भी रहती है। सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने तहसील व कचहरी में अधिवक्ताओं के लिए चैंबर का निर्माण कराया। अब विधानसभा सत्र में अधिवक्ताओं के कल्याण के लिए और बजट पास कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज में दो तरह के लोग होते हैं। नफरत फैलाने वालों से सामाजिक जागरूकता के हथियार से निपटा जा सकता है। हर घटना पर सरकार नहीं पहुंच सकती, लिहाजा जनता भी अपना फर्ज निभाए। जनता के जागने से ही बुराइयां दूर होंगी। सरकार बनती है और जनता को लगता है कि उसका वादा नहीं पूरा हुआ तो वही जनता उसे सत्ता से दूर कर देती है। ऐसा करने से लोकतंत्र मजबूत नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का कोई भी मंत्री या अफसर किसी भी तरह के गलत काम में संलिप्त मिला तो उसके खिलाफ त्वरित कार्रवाई होगी। उन्होंने विकास कार्य के लिये जिला बार संघ को 10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। जनता ने उम्मीद लगाई थी कि अच्छे दिन आने वाले हैं, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। देश में रोजगार व रोटी का संकट खड़ा है, लेकिन विदेशों में विकास का धन जमा है। देश के ऐसे लोग राष्ट्र के लिए अभिशाप हैं जिन्होंने देश का पैसा विदेशों में रखा है।