यूपी में दो लाख भर्तियों का रास्ता साफ
लखनऊ (राज्य ब्यूरो)। दो लाख भर्तियों का रास्ता साफ करते हुए बुधवार को सरकार ने उत्तर प्रदेश अधीन
लखनऊ (राज्य ब्यूरो)। दो लाख भर्तियों का रास्ता साफ करते हुए बुधवार को सरकार ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष पद पर नियुक्ति कर दी। राज्य संपत्ति अधिकारी राज किशोर यादव को इसका अध्यक्ष बनाया गया है। अब बोर्ड के सदस्यों की नियुक्ति होना बाकी है।
विभिन्न विभागों में तृतीय श्रेणी के लगभग दो लाख पदों पर नियुक्तियां होनी हैं। इसके लिए गत 21 अगस्त, 2014 को अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड का गठन किया गया था। इसका अध्यक्ष कौन होगा, इसके लिए कई नामों पर कयास लगाए जा रहे थे। अंतत: मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राज किशोर यादव के नाम पर मुहर लगा दी। 1980 बैच के वरिष्ठ पीसीएस अधिकारी राज किशोर यादव वर्तमान में प्रमुख सचिव के वेतनमान में हैं। उनके सेवानिवृत्त होने के बाद सरकार ने उन्हें राज्य सम्पत्ति अधिकारी पद पर 2015 तक के लिए सेवाविस्तार दिया था।
आयोग में अध्यक्ष की तैनाती के साथ ही सालों से लंबित लिपिकों की भर्ती प्रक्रिया में तेजी आने का अनुमान है। हालांकि आयोग के अन्य सदस्यों की तैनाती को लेकर अभी सरकार पसोपेश में है। आयोग में अध्यक्ष के अलावा आठ सदस्यों की नियुक्ति की जानी है। माना जा रहा है कि जल्द ही सदस्यों की नियुक्ति भी कर दी जाएगी।