किसानों को लूट रही अखिलेश सरकार : कांग्रेस
लखनऊ। समाजवादी पार्टी की सरकार चीनी मिल मालिकों की घुड़की से डर गई है, जिसका खामियाजा
लखनऊ। समाजवादी पार्टी की सरकार चीनी मिल मालिकों की घुड़की से डर गई है, जिसका खामियाजा गन्ना किसान भुगत रहे हैं। मिल मालिकों से सहमी सरकार किसान हितों को दरकिनार कर चुकी है। स्थिति यह है कि बंद चीनी मिलों की संख्या बढ़ रही है और सरकार चुप्पी साधे हुए है। वह किसानों को लूट रही है। चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करने के बजाय चंद नेताओं के क्षेत्रों का विकास कराने में जुटी है। समाजवाद का रास्ता कुछ लोगों तक सिमट कर रह गया है।
यह बातें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डा.निर्मल खत्री ने शुक्रवार को बस्ती में आयोजित पूर्वाचल बचाओ प्रदर्शन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए कही। प्रदर्शन में पूर्वाचल के 14 जिलों के नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों को लुटने नहीं देगी, बल्कि इनकी आवाज को लामबंद कर निर्णायक संघर्ष करेगी। किसानों के शोषण का आरोप लगाते हुए कहा कि अब कांग्रेस सत्ता केंद्रित भ्रष्टाचार पर शांत नहीं बैठेगी। सरकार के ढोंग का नतीजा है कि बस्ती व मुंडेरवा चीनी मिल बंद हो गई। गन्ना खेत में तैयार हो चुका है, और मिलों के चलने का आसार नजर नहीं आ रहा है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी ने कहा कि लैपटाप बांटने से युवा शिक्षित नहीं होंगे, इसके लिए बिजली उपलब्ध होनी चाहिए। मोदी सरकार की स्थिति यह है कि महंगाई कागज में घट रही है तो देश की नीतियां उद्योगपति तय कर रहे हैं। राज्य सभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने कहा कि भाजपा, सपा व बसपा किसानों की दुश्मन हैं। केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सपने दिखाकर जनता का वोट तो हासिल कर लिया, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमीरों के इशारों पर काम कर रहे हैं।