यशभारती की रेस में 116 वर्षीय धर्मपाल का फर्राटा
लखनऊ। उम्र का शतक पार कर चुके धर्मपाल अपनी रफ्तार से दुनियाभर को हैरान कर देते हैं। जीवन
लखनऊ। उम्र का शतक पार कर चुके धर्मपाल अपनी रफ्तार से दुनियाभर को हैरान कर देते हैं। जीवन के हर छोर पर उम्र को मात देते हुए अब वह यशभारती सम्मान की रेस में फर्राटा भर रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में देश के लिए पदक जीत चुके इस जांबाज एथलीट की कई अन्य उपलब्धियां भी दावेदार बनाती हैं। मेरठ के क्षेत्रीय खेल कार्यालय एवं जिला प्रशासन ने धर्मपाल का नाम यश भारती के लिए शासन को भेजा है। हालांकि उम्र को मात देती इस एथलीट की हैरतअंगेज उपलब्धयों को अब तक कोई पुरस्कार नहीं दिया गया।
मवाना निवासी धर्मपाल सिंह 116 वर्ष एक जीवित किवदंती माने जा रहे हैं। उम्र का शतक और उस पर तूफानी रफ्तार का जोश उन्हें करोड़ों में पहचान देता है। राज्य सरकार ने हाल में यश भारती के दावेदारों की रिपोर्ट मांगी तो धर्मपाल ने तत्काल दावेदारी ठोंक दी। उन्होंने अपनी उपलब्धियों का पूरा ब्यौरा क्षेत्रीय खेल कार्यालय और जिला प्रशासन को सौंपा। हालांकि उनकी उम्र पर किसी को विश्वास नहीं होता, पर धर्मपाल इसकी कोई परवाह किए बिना नित नए रिकार्ड बनाते जा रहे हैं। ग्राम गुढ़ा में छह अक्टूबर 1897 को पैदा हुए धर्मपाल की दावेदारी पर प्रदेश सरकार हैरान होगी।
धर्मपाल सिंह बताते हैं कि वह बचपन में जंगल में गाय चराने के दौरान कई किलोमीटर भाग लेते थे, किंतु मिल्खा सिंह की तरह उन्हें किसी का प्राशिक्षण नहीं मिला। वेटरन स्पर्धाओं में अब धर्मपाल बेताज बादशाह हैं। वह सौ मीटर, दो सौ मीटर एवं चार मीटर में कई बार भारतीय रिकार्ड तोड़ चुके हैं। वर्ष 2011 मास्टर एथलेटिक्स ओबरा, इसी वर्ष चंडीगढ़, 2012 में सिंगरामऊ एवं वर्ष 2013 में बेंगलुरु में सभी तीनों स्पर्धाओं सौ मीटर, दो सौ एवं चार सौ मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। लगातार तीन राष्ट्रीय एथलेटिक फेडरेशन चैंपियनशिप में वह स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। वर्ष 2014 में मलेशिया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक चैंपियनशिप भी देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर तहलका मचा दिया। फर्राटा दौड़ के साथ-साथ धर्मपाल पांच किमी एवं मैराथन प्रतियोगिताओं में भी भाग लेते हैं। वह चंडीगढ़, दिल्ली, जयपुर, अजमेर, मुंबई, इलाहाबाद, अनूपशहर समेत कई अन्य मैराथनों को पूरा कर चुके हैं।
रिकार्डो में भी फिट: 116 वर्ष की उम्र में धर्मपाल कई युवाओं से ज्यादा फिट हैं। वह 100 मीटर की दौड़ 20 सेकंड, 200 मीटर की दौड़ 46.7 सेकंड में पूरी करते हैं। वेटरन ग्रुप में दौड़ के कई रिकार्ड उनके नाम पर हैं।