भाजपा के पूर्व सांसद न्यायिक हिरासत में जेल भेजे गए
लखनऊ। लोकसभा चुनाव के दिन बवाल के मुख्य आरोपी भाजपा के पूर्व सांसद एसपी सिंह बघेल ने आज फ
लखनऊ। लोकसभा चुनाव के दिन बवाल के मुख्य आरोपी भाजपा के पूर्व सांसद एसपी सिंह बघेल ने आज फीरोजाबाद न्यायालय में समर्पण कर दिया। न्यायालय ने उनको 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। उनके जमानत प्रार्थना पत्र पर अब 23 जुलाई को सुनवाई होगी।
लोकसभा चुनाव के मतदान के बाद 24 अप्रैल को भाजपा प्रत्याशी एसपी सिंह बघेल ने बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाते हुए समर्थकों के साथ शहर के सुभाष तिराहे पर धरना दिया था। इस दौरान जमकर बवाल हुआ था। पुलिस ने बघेल समेत चार नामजद और करीब डेढ़ हजार अज्ञात के खिलाफ संगीन धाराओं के साथ बलवे का मुकदमा दर्ज किया था। गिरफ्तारी में नाकाम रही पुलिस ने पिछले सप्ताह कोर्ट के आदेश पर बघेल समेत कई लोगों के घर कुर्की नोटिस चस्पा किए गए थे। दर्जन भर लोगों को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद बघेल का सरेंडर तय माना जा रहा था।
सोमवार को सुबह 11.30 बजे एसपी सिंह बघेल अपने बड़े भाई विशंभर सिंह और टूंडला निवासी राजेंद्र सिंह के साथ दीवानी परिसर पहुंचे। इसके बाद तीनों ने अपर जिला जज चतुर्थ सुरेश चंद्र यादव के समक्ष समर्पण कर दिया। अधिवक्ता शेर सिंह राजपूत के जमानत प्रार्थना पर अपर जिला जज ने सुनवाई के लिए 23 जुलाई की तिथि दे दी। साथ ही बघेल समेत तीनों को न्यायिक हिरासत में 14 दिन के लिए जेल भेजने के आदेश दिए। उल्लेखनीय है कि इस मामले में पुलिस अब तक 44 लोगों को चिह्नित कर चार्जशीट तैयार की जा चुकी है।