सीधे एजेंडे पर आये अमित शाह
लखनऊ : चुनाव प्रचार में खुद के भाग लेने पर लगाये गए प्रतिबंध को निर्वाचन आयोग द्वारा हटाये जाने के
लखनऊ : चुनाव प्रचार में खुद के भाग लेने पर लगाये गए प्रतिबंध को निर्वाचन आयोग द्वारा हटाये जाने के बाद भाजपा के प्रदेश प्रभारी अमित शाह सूबे में तीसरे और चौथे चरण की चुनावी तैयारियों में जुट गए हैं। शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे शाह ने अगले दो चरणों के चुनावों के बारे में भाजपा कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया। देर रात उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) रामलाल, प्रदेशाध्यक्ष डा.लक्ष्मीकांत बाजपेयी व अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ इस बारे में बैठक की।
निर्वाचन आयोग का प्रतिबंध हटने के बाद शुक्रवार को पहली बार भाजपा के प्रदेश कार्यालय पहुंचे शाह का पार्टी के उत्साहित कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इसके बाद शाह दिन भर पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलते रहे और उनसे उप्र में तीसरे और चौथे चरण के चुनाव वाली सीटों के चुनावी समीकरणों की जानकारियां बटोरते रहे। उन्होंने पार्टी के पदाधिकारियों के साथ संक्षिप्त बैठकें भी कीं। चर्चाओं और बैठकों में विषय अवध क्षेत्र की सीटें थीं लेकिन लखनऊ सीट पर उनका खास फोकस था। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी नरेंद्र मोदी को चूंकि वाराणसी सीट से नामांकन करना है, इसलिए उसके पहले के सारे बंदोबस्त का जायजा लेने के लिए अमित शाह 20 और 21 अप्रैल को वाराणसी में रहेंगे।
उप्र में अगले दो चरणों में जिन 26 सीटों पर चुनाव होने हैं, उनमें से भाजपा के कब्जे में मात्र दो सीटें-आगरा और लखनऊ हैं। शाह ने कार्यकर्ताओं को बताया कि पहले दो चरणों में भाजपा ने सूबे में अपने चुनावी अभियान का शानदार आगाज किया है। कार्यकर्ताओं का यह जोश और उत्साह आगे के चरणों में भी बना रहना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को यह भी समझाने की कोशिश की कि देश और प्रदेश में मोदी की लहर है, बस इसे और गति देने की जरूरत है। मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के साथ समाज के सभी वर्गों को जोड़ने के लिए भी उन्होंने भाजपाइयों को ताकीद किया। कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के साथ शाह का जोर पार्टी में जगह-जगह व्याप्त असंतोष के सुराख भरने पर भी रहा। उन्होंने खासतौर पर यह जानने की कोशिश की कि विभिन्न स्थानों पर किस तरह डैमेज कंट्रोल किया जा सकता है। उधर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन)रामलाल ने प्रदेश कार्यालय में बाराबंकी और मोहनलालगंज के पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ भी बैठक की। बैठक में उन्होंने बूथ प्रबंधन को मजबूत करने के लिए कहा।