राजनाथ को समर्थन देने आएंगे मोदी व आडवाणी
लखनऊ (राज्य ब्यूरो)। राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह के चुनाव में समर्थन देने को भाजपा के दिग्गज त
लखनऊ (राज्य ब्यूरो)। राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह के चुनाव में समर्थन देने को भाजपा के दिग्गज तीसरे चक्र के चुनाव निपटने के बाद राजधानी में डेरा डालेंगे। प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी, लालकृष्ण आडवाणी और सुषमा स्वराज समेत अधिकतर वरिष्ठ नेता सभाओं को सम्बोधित करने यहां पहुंच रहे हैं।
राजनाथ सिंह खुद 19 अप्रैल से चार दिन तक हर शाम सभा करेंगे। भाजपा शासित राज्यों मध्यप्रदेश, झारखंड व राजस्थान के मुख्यमंत्री भी वोट मांगने निकलेंगे। सूत्रों के मुताबिक 20 अप्रैल के बाद भाजपा का प्रचार युद्ध स्तर पर शुरू होगा। गाजियाबाद समेत पश्चिमी उप्र के कई जिलों से हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं के लखनऊ पहुंचने का दावा करते हुए पूर्व मीडिया प्रभारी नरेंद्र राणा ने बताया भाजपा के शीर्षस्थ नेताओं के आगमन की स्वीकृति मिल चुकी है। केवल कार्यक्रमों की तारीख की तय होनी है।
आरके सिंह भाजपा में शामिल : उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के अध्यक्ष आरके सिंह ने बुधवार को प्रदेश उपाध्यक्ष शिवप्रताप शुक्ला के समक्ष पार्टी मुख्यालय में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। यह जानकारी सह मीडिया प्रभारी अनिता अग्रवाल ने दी।
तुष्टिकरण का जवाब देगी जनता : भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी ने कहा कि जनता बदलाव का मन बना चुकी है। तुष्टिकरण व कुशासन का जवाब जनता देगी। बुधवार को जारी बयान में त्रिपाठी ने दावा किया कि यूपी में इस बार भाजपा की जीत का नया रिकार्ड कायम होगा और केंद्र में भाजपा सरकार बनेगी।