बादशाह सिंह के भतीजों में संघर्ष, एक की मौत, एक घायल
लखनऊ। पूर्व मंत्री बादशाह सिंह के भतीजों के बीच महोबा में हुए खूनी संघर्ष में एक की मौत हा
लखनऊ। पूर्व मंत्री बादशाह सिंह के भतीजों के बीच महोबा में हुए खूनी संघर्ष में एक की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति मौत से संघर्ष कर रहा है। लैकफेड घोटाले में लखनऊ जेल में बंद पूर्व मंत्री बादशाह के भतीजे सोनू सिंह ने साथियों के साथ बड़े भाई राजू सिंह के पहरेता स्थित कृषि फार्म पर धावा बोल ताबड़तोड़ फायरिंग की। दूसरी ओर से भी मोर्चाबंदी होने पर सोनू के एक साथी की गोली लगने से मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर मुकदमा दर्ज कराने को तहरीर दी है।
राजू सिंह आज अपने कृषि फार्म में था। तभी उसके छोटे भाई पुष्पराज उर्फ सोनू सिंह ने साथी राजू मिश्रा, जितेंद्र, भरत, मोनू, चेनू आदि के साथ वहां धावा बोल दिया। बचाव में राजू सिंह के साथ मौजूद लोगों ने भी मोर्चा संभाल लिया। दोनों ओर से हुई फायरिंग में सोनू के साथी भरत की मौत हो गई, जबकि चेनू गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। साथियों को लहूलुहान देख सोनू तो चेनू को लेकर जिला अस्पताल भागा तो बाकी लोग भरत को लेकर गए। जिला अस्पताल में चेनू की हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उसे झांसी रेफर कर दिया। वहीं बाद में जिला अस्पताल पहुंचे भरत को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
उधर, कृषि फार्म पर फायरिंग की सूचना पर जब तक खरेला थाने की पुलिस मौके पर पहुंची दोनों पक्षों के लोग वहां से जा चुके थे। एसपी रामलाल वर्मा ने सीओ सिटी को मौके पर भेजा। दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है। सोनू के मुताबिक वह अपना खेत देखने गया था। तभी राजू सिंह व उसके साथियों ने गोली चला दी।