डीएम ने हटाये मकड़ी के जाले, पंखे किये सा़फ
ललितपुर ब्यूरो : जिलाधिकारी डॉ. रूपेश कुमार ने कलेक्टरेट कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। अधिकाँश वि
ललितपुर ब्यूरो : जिलाधिकारी डॉ. रूपेश कुमार ने कलेक्टरेट कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। अधिकाँश विभागों में तैनात कर्मचारी उपस्थित मिले। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को साफ-सफाई रखने एवं अभिलेख दुरुस्त रखने के निर्देश दिये। उन्होंने जिलाधिकारी न्यायालय में लगे मकड़ी के जाले हटाये और पंखों व दिवारों पर जमी धूल भी साफ की।
गौरतलब रहे, योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमन्त्री पद की शपथ लेते ही प्रदेश के सरकारी महकमों में फैली गन्दगी को साफ करने का बीड़ा उठाते हुये आदेश जारी किया है। जिसके क्रम में सरकारी मशीनरी कार्यालयों को चकाचक करने के साथ ही अभिलेखों के रखरखाव पर विशेष जोर दे रही है। जिन कार्यालयों में वर्षो से पुताई नहीं करवाई गई, वहाँ पर ऑयल पेण्ट से पुताई करवा दी गई, ताकि कोई कमी न रह जाये। सरकारी अभिलेखों को भी दुरुस्त करने को अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. रूपेश कुमार ने भी कलेक्टरेट स्थित कार्यालयों की साफ-सफाई की हकीकत जानने के लिये औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया। बिल लिपिक मोहन आकस्मिक अवकाश पर गये थे और अन्य समस्त कर्मचारी सुबह 10.05 बजे कार्यालय में उपस्थित मिले। उन्होंने भूलेख अनुभाग, नजारत, संयुक्त कार्यालय, आरआरके आदि पर जाकर औचक निरीक्षण किया। कर्मचारियों को अपने-अपने पटल पर प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को श्रमदान/ साफ-सफाई एवं अभिलेखों का रख-रखाव ठीक करने के निर्देश दिये गये। उन्होंने जिला आबकारी अधिकारी कार्यालय, जिला मनोरंजन अधिकारी कार्यालय, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। सभी अधिकारी/ कर्मचारी अपने कार्यालयों में उपस्थित मिले।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों/ कर्मचारियों की उपस्थिति के लिये लगायी गयी बायोमैट्रिक्स डिवाइस में उपस्थिति के अंकन को भी परखा। कलेक्टरेट परिसर में लगाये गये अग्निशमन यन्त्रों की वैद्यता तिथि की भी पड़ताल की। नाजिर सदर को निर्देशित भी किया कि वे समय-समय पर यन्त्र का परीक्षण करते रहें। उन्होंने कर्मचारियों की मेजों पर रखी गयीं पत्रावलियों तथा स्टेशनरी आदि का भी निरीक्षण किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र बहादुर सिंह, उप जिलाधिकारी सदर रमेश चन्द्र, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी पीयूष चन्द्र राय सहित कलेक्टरेट का अन्य स्टाफ मौजूद रहा।
::
बॉक्स-
::
कलेक्टरेट से हटेगे कूड़ादान
मुख्यमन्त्री ने सरकारी कार्यालयों में पान-गुटखा व तम्बाकू का सेवन करने पर सख्ती से रोक लगा दी, बावजूद इसके कई कार्यालयों में कूड़ादान व पीकदान के आसपास पान-गुटखा की पीकें देखी जा सकती है। इस बात को संज्ञान में लेते हुये जिलाधिकारी ने सरकारी कार्यालयों से कूड़ादान हटाने का फैसला किया। इसके चलते उन्होंने नाजिर सदर को निर्देश दिये कि वह समस्त थूकदान हटा दें तथा कलेक्टरेट कार्यालय में कर्मचारियों, आने जाने वाले व्यक्तियों तथा आगन्तुकों पर बारीकि नजर रखें कि कोई व्यक्ति कार्यालय परिसर में गुटखा, पान, सिगरेट, बीड़ी आदि का सेवन करते हुए न मिलें। जो व्यक्ति पान/गुटखा का सेवन करते हुए/ थूकते हुए पकड़ा जाये, उस पर नियमानुसार जुर्माना कर जुर्माने की रसीद काटी जाये।