.. और सफाई के लिए निकल पड़ा कारवाँ
तालबेहट (ललितपुर) : प्रधानमंत्री के सम्पूर्ण स्वच्छता अभियान के तहत शुक्रवार को नगर की गलियों से लेक
तालबेहट (ललितपुर) : प्रधानमंत्री के सम्पूर्ण स्वच्छता अभियान के तहत शुक्रवार को नगर की गलियों से लेकर सड़कों तक झाडू लगायी गयी। इसमें अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और सम्भ्रान्त लोगों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। इसके अलावा नगर के आसपास के कस्बों व ग्रामीण क्षेत्रों में भी अभियान चलाकर सफाई की गयी। साथ ही लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।
नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी केएन शर्मा ने क्षेत्र की मलिन बस्ती अम्बेडकर नगर व कबीरनगर में स्वयं झाडू लगाकर अभियान की शुरूआत की। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्यायें भी सुनीं और शीघ्र निस्तारण हेतु अधीनस्थों को निर्देशित किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि नगर को साफ स्वच्छ रखने के लिये नगर पंचायत के स्तर से तो प्रयास रोज किये जाते है, लेकिन नागरिकों का भी दायित्व है कि निर्धारित स्थानों पर ही कूड़ा कचरा डालें और नगर को को स्वच्छ व सुन्दर रखें। इस मौके पर वरिष्ठ लिपिक विनोद तिवारी, पार्षद डॉ.गुलाब चन्द्र साहू, पार्षद भुवनेन्द्र सिंहआदि उपस्थित रहे।
इसी क्रम में तहसील के आसपास उप जिलाधिकारी रत्नाकर मिश्र के नेतृत्व में अधिकारियों व कर्मचारियों ने झाडू लगाकर स्वच्छता का सन्देश दिया। इस दौरान उप जिलाधिकारी ने कहा कि सफाई करने से स्वच्छता आती है और स्वस्थ रहने के लिए स्वच्छता आवश्यक है। कहा कि लोगों को स्वच्छता के मूलमंत्र को अपनाकर सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देना चाहिए। इस मौके पर तहसीलदार प्रीति जैन के अलावा अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अलावा पुलिस क्षेत्राधिकारी, वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, विकास खण्ड कार्यालय पर सफाई अभियान चलाया गया। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा नगर के ऐतिहासिक भारतगढ़ दुर्ग पर सफाई अभियान चलाया गया। जिसमें विभागीय कर्मचारियों एवं नागरिकों द्वारा किले के अन्दर झाडू़ लगाकर सफाई अभियान को गति दी गई। इस दौरान संरक्षण सहायक कुरील, विनोद कुमार अगरिया, महेन्द्र वासुदेव, लखनलाल गुप्ता, राममनोहर शर्मा, जगदीश सोनी, राधिका प्रसाद खरे, त्रिलोकीनाथ गंगेले आदि मौजूद रहे।