महिला की हत्या कर शव कर दिया गायब
भाई की तहरीर पर 7 ससुरालीजनों पर मुकदमा पति समेत हत्यारोपी फरार, पुलिस पड़ताल जारी ललितपुर ब्यूरो
भाई की तहरीर पर 7 ससुरालीजनों पर मुकदमा
पति समेत हत्यारोपी फरार, पुलिस पड़ताल जारी
ललितपुर ब्यूरो :
थाना जाखलौन अन्तर्गत ग्राम बरदेही में अवैध सम्बन्धों के शक में एक महिला की हत्या कर शव गायब करने का मामला प्रकाश में आया है। महिला के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत सात ससुरालीजनों के खिलाफ हत्या व साक्ष्य छिपाने की धारा में मामला दर्ज कर लिया। घटना के बाद से ही ससुरालीजन फरार हो गये है।
थाना नाराहट अन्तर्गत ग्राम गौना निवासी शिशुपाल सिंह पुत्र फेरन सिंह ने जाखलौन पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वर्ष 1997 में उसने अपनी बहिन रजनी राजा की शादी थाना जाखलौन अन्तर्गत ग्राम बरदेही निवासी नौनेराजा पुत्र अजब सिंह के साथ की थी। उसकी बहिन के पाँच बच्चे है, जिनमें से दो बच्चे हैप्पी प्रिंस व मुस्कान उसके साथ गौना में ही रहते थे, जबकि तीन बच्चे अपनी माँ के साथ बरदेही में ही रहते थे। पीड़ित ने बताया कि 16 नवम्बर की सुबह 11 बजे उसकी बहिन की ननद छोटी राजा उर्फ प्रीति राजा पत्नी प्रदीप राजा बहिन के तीन बच्चों रामू, श्यामू और तमन्ना को लेकर उसके पास आयी और कहा कि रजनी राजा का कल से कुछ पता नहीं है। इसलिए वह उसके तीनों बच्चों को अपने पास रख ले। लापता बहिन के बारे में पूछताछ करने के बावजूद भी ननद कुछ नहीं बता पायी, जिसके चलते उसे शक हुआ। इसके बाद वह ग्राम बरदेही पहुँचा व अपनी बहिन के बारे में पूछताछ की। लेकिन कुछ पता नहीं चला। और तो और उसके ससुराल के पुरुष सदस्य फरार हो चुके थे। घर पर केवल महिलायें ही थी, जो जानकारी नहीं दे पा रही थी। जिसके चलते उसका शक यकीन में बदल गया। पीड़ित ने बताया कि उसकी बहिन ने कुछ दिन पूर्व उसे फोन पर बताया था कि अवैध सम्बन्धों के शक के चलते पति व अन्य ससुरालीजन उसे तरह-तरह से प्रताड़ित करते है। जिसके चलते उसे अपनी जान का खतरा बना हुआ है। शिशुपाल ने बताया कि अवैध सम्बन्धों के शक के चलते ससुरालीजनों ने उसकी बहिन रजनीराजा की 15 नवम्बर की रात हत्या कर दी और शव को गायब कर दिया। इस मामले में पुलिस ने राजेन्द्र सिंह पुत्र कमल सिंह, नौने राजा, राजा बुन्देला पुत्रगण अजब सिंह, बेबी राजा पुत्र कमल सिंह, अफसर सिंह, पुष्पेन्द्र सिंह पुत्रगण प्रतिपाल सिंह व सुखपाल सिंह पुत्र इन्द्रपाल सिंह निवासीगण ग्राम बरदेही के खिलाफ धारा 147, 149, 302, 201 के तहत मामला दर्ज कर लिया। जाखलौन थानाध्यक्ष अशोक कुमार उपाध्याय ने ग्राम बरदेही में दबिश दी, लेकिन सभी हत्यारोपी मौके से फरार हो गये। जिसके चलते इस अंधे हत्याकाण्ड का रहस्य और अधिक गहरा गया है। पुलिस हत्यारोपियों की धरपकड़ को छापामारी कर रही है। यह घटना गाँव में चर्चा का विषय बनी हुयी है।