सिलेंडर पाइप फटने से लगी आग, पांच झुलसे
बेहजम (लखीमपुर): कस्बे के एक मकान में खाना बनाते वक्त गैस सिलेंडर की पाइप फट जाने से आग लग गई। इससे पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए। मकान में आग लगने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायलों को इलाज के लिये नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटनाक्रम के मुताबिक शनिवार को कस्बा निवासी काजल पत्नी अनंत राम सुबह के वक्त खाना बना रही थी। इस दौरान अचानक गैस सिलेंडर की पाइप फट गई। पाइप फटने से आग लग गई परे घर में आग फैल गई। इस हादसे में सीटू (18), सूरज (10), पूनम (28), आरती (14) व उसकी मां काजल समेत पाच लोग गंभीर रूप से झुलस गए। अनन्त राम ने बताया कि शनिवार को ही घर में बिटिया का तिलक जाना था। इसके लिए परिवार के सदस्य सुबह जल्दी खाना बनाने लगे। खाना बनाते समय अचानक पाइप फटने से हादसा हो गया। आग से झुलसे लोगों का उपचार कस्बे के स्वास्थ्य केंद्र पर किया जा रहा है।