गांव में लगी आग,अफरा-तफरी
कुशीनगर : कसया थाने के गांव मल्लूडीह में शुक्रवार की दोपहर बाद बांस की कोठ और भुसौला में आग लग गई।
कुशीनगर : कसया थाने के गांव मल्लूडीह में शुक्रवार की दोपहर बाद बांस की कोठ और भुसौला में आग लग गई। इससे गांव में अफरा-तफरी तथा भगदड़ का माहौल कायम हो गया। आबादी तक आग पहुंचती कि इसके पूर्व ही ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पा लिया। आग बुझने के बाद अग्नि शमन दल मौके पर पहुंचा। एसडीएम श्रीप्रकाश शुक्ल राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे और क्षति का आकलन कर सहायता बांटने का आदेश दिया। दिन के लगभग 2 बजे गांव के पश्चिम रामानंद कुशवाहा के स्कूल के पास बांस की कोठ में आग लगी। तेज पछुआ हवा के चलते पलक झपकते ही आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते आसपास के चार-पांच बांस के कोठ और छप्पर में रखा भूसा धूं-धूं कर जल उठा। जो जहां था घटना स्थल की तरफ चल दिया। ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। बाकी का कार्य फायर ब्रिगेड ने पूरा किया।
इनसेट- एक ही घर में दर्जनों बार लग चुकी आग
मल्लूडीह : इस वैज्ञानिक युग में अंध विश्वास के लिए कोई स्थान नहीं है। बावजूद इसके कुछ घटनाएं चर्चा का विषय बनती हैं और लोग सोचने को मजबूर हो जाते हैं। गांव में गुरुवार की शाम से शुक्रवार की दोपहर तक एक ही घर में आग लगने की घटी दर्जन भर घटनाओं को लेकर तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं। ग्रामवासी रामानंद कुशवाहा के पक्के मकान में गुरुवार की शाम लगभग चार बजे आग लगी। परिजनों की जागरुकता से उसे तत्काल बुझा दिया गया। इसके बाद भुसौला, बंगला तथा घर के आसपास बांस तथा खरपतवार में दर्जन भर आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं। भय के मारे परिजन सारा सामान बाहर निकाल कर स्वयं भी घर से बाहर रह रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आंख के सामने ही आग लग रही है और उसके कारणों का पता नहीं चल रहा है। कुछ लोग इन घटनाओं को धर्म-कर्म से जोड़ कर पूजा-पाठ में लग गए हैं।