उद्योगपतियों के इशारे पर नीतियां बना रही भाजपा व सपा
कुशीनगर : भारतीय जनता पार्टी व समाजवादी पार्टी सत्ता में आने के बाद उद्योगपतियों के हितों का ख्याल कर नीतियां बना रही हैं। इसमें आमजन के हितों का तनिक भी ख्याल नहीं किया जा रहा है।
उक्त बातें सोमवार को रामकोला में वरिष्ठ कांग्रेसी राजन गोविंद राव ने पार्टी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने कहा उत्तराखंड में तीन सीटों पर हुए उप चुनाव में कांग्रेस की जीत भाजपा की दोषपूर्ण नीतियों का प्रतीक है। इस दौरान उप चुनाव में मिली सफलता पर एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया गया। श्री राव ने कहा अच्छे दिन का ख्वाब दिखाकर आमजन पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ लादने वाली केंद्र सरकार की नीतियां जन विरोधी हैं। उन्होंने कहा उत्तराखंड में कांग्रेस की जीत से पदाधिकारी व कार्यकत्र्ता उत्साहित हैं। इस दौरान कहा गया कि जनता को जिस तरह सब्जबाग दिखाकर भाजपा ने केंद्र में सरकार बनाई है जनता नीतियों का अब ठीक से समझने लगी है कि कांग्रेस विकास चाहती है या भाजपा।
कांग्रेसियों ने कहा केंद्र में भाजपा व प्रदेश में सपा को सत्ता मिलने पर दोनों सरकारें उद्योगपतियों के इशारे पर कार्य कर आमजन के विरोध में नीतियां तैयार कर रही हैं।
बैठक को मदन सिंह, जय सिंह, गोविंद राव, राज बहादुर पटेल, बृज बिहारी मल्ल, राज कुमार सिंह, मदन राजभर, पवन यादव ने भी संबोधित किया। इस दौरान संजय यादव, राम औतार राजभर, हीरा प्रसाद, रामाज्ञ सिंह, राम आधार यादव, नंदलाल चौहान, आरपी यादव, अवधेश यादव, ग्यासुद्दीन अंसारी, राधेश्याम पासवान, सीताराम प्रधान आदि मौजूद रहे।