कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: सीओ
कुशीनगर : लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस सतर्क है। इसमें कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए सभी थानेदारों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। यह बातें मंगलवार को क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज विनोद यादव ने पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि चुनाव को महापर्व की तरह से लें। विभिन्न वारदातों को अंजाम देने वाले किसी भी दशा में बख्शे नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के ऐसे लोगों को चिह्नित कर लिया गया है। प्रचार व अफवाह फैलाने वाले शरारती तत्वों पर पुलिस की निगाह है। गड़बड़ी पर सबसे पहले पुलिस के निशाने पर वही लोग रहेंगे। आम लोगों को जागरूक करते हुए कहा गया कि कानून व्यवस्था कायम रखने में पुलिस का सहयोग करें। इस दौरान मौजूद रहे एसओ जितेंद्र कुमार यादव ने कहा कि हर हाल में उच्चाधिकारियों के निर्देशों का अनुपालन कड़ाई से होगा।