दुष्कर्म पीड़िता को कप्तान ने दफ्तर से खदेड़ा
कुशीनगर : सूबे की सरकार महिला सुरक्षा व इनके खिलाफ होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने को लेकर लाख दावा करे, लेकिन जमीनी हकीकत इससे जुदा है। थाने से इंसाफ न मिलने पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की उम्मीद लिए बड़े साहब के पास फरियाद करने पहुंची दुष्कर्म पीड़िता तब अवाक् रह गई जब साहब ने ही उसे धक्का दे बाहर निकालने का आदेश मातहतों को दिया।
वाकया कसया थाने के एक गांव की है। यहां की पीड़ित महिला ने गांव के ही दबंग के खिलाफ सोमवार को देर रात घर में घुस दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस कप्तान दफ्तर कार्रवाई की मांग के लिए पहुंची थी। महिला का आरोप है कि घटना की सुबह उसने थाने में नामजद तहरीर दे कार्रवाई की गुहार लगाई, जहां एसओ ने कार्रवाई करने के बदले महिला को थाने से भगा दिया। एसओ के व्यवहार से आहत महिला पुलिस कप्तान के यहां पहुंची। जहां कप्तान ने उसकी बात सुनते ही महिला को दफ्तर से बाहर खदेड़ने का आदेश मौजूद मातहतों को दिया। साहब का आदेश होते ही मातहतों ने उसे दफ्तर से बाहर का रास्ता दिखा दिया।