कोइलहा में सशस्त्र बदमाशों का धावा, सहमे लोग
चायल, कौशांबी : पूरामुफ्ती के रसूलाबाद उर्फ कोइलहा गांव में रविवार की रात सशस्त्र बदमाशों ने धावा बो
चायल, कौशांबी : पूरामुफ्ती के रसूलाबाद उर्फ कोइलहा गांव में रविवार की रात सशस्त्र बदमाशों ने धावा बोलकर एक घर में डकैती डालने का प्रयास किया। हथियार बंद बदमाशों ने घर में तोड़-फोड़ किया। जगहट होने पर बदमाश गांव छोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद से पीड़ित और उसका परिवार सहमा हुआ है। तहरीर पुलिस को दे दी गई है। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
रसूलाबाद उर्फ कोइलहा निवासी अनिल कुमार पुत्र बनवारी लाल ने पुलिस को दिए गए तहरीर में बताया है कि रविवार की रात आधा दर्जन सशस्त्र बदमाशों ने उसके घर पर उस समय धावा बोल दिया जब सभी लोग घर में सो रहे थे। रात के समय घर के दरवाजे के टूटने की आवाज सुनकर परिवार के लोगों की नींद खुल गई। लोगों ने झांक कर देखा तो आधा दर्जन हथियार बंद बदमाश दरवाजा को खोलने की कोशिश कर रहे थे। शोर मचाने पर बदमाश हवा में तमंचा लहराते हुए गांव छोड़कर फरार हो गए। घटना को लेकर परिवार और मोहल्ले के लोग सहमे हुए हैं। घटना की लिखित तहरीर पुलिस को दी गई है। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।