झुलसी विवाहिता ने दम तोड़ा, चक्काजाम
कौशांबी : पूरामुफ्ती के मादपुर गांव में सप्ताह भर पहले आग से झुलसी विवाहिता ने मंगलवार की सुबह इलाज
कौशांबी : पूरामुफ्ती के मादपुर गांव में सप्ताह भर पहले आग से झुलसी विवाहिता ने मंगलवार की सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस बात की जानकारी परिजनों को हुई तो बवाल मच गया। अस्पताल में ही मायके और ससुराल पक्ष के लोगों की जमकर झड़प हुई। मायके पक्ष के लोगों ने विवाहिता के शव को लेकर मनौरी पूरामुफ्ती मार्ग पर चक्का जाम कर लिया। मामले में ससुराल पक्ष के लोगों पर विवाहिता को जला कर मार डालने का आरोप लगाया गया है।
पूरामुफ्ती के गोहमलवा पर मोहल्ला निवासी राम नरेश पटेल की मौत कई साल पहले बीमारी के दौरान हो गई है। उसकी इकलौती बेटी पूनम की शादी भाई महेंद्र और मां ने मादपुर गांव निवासी बबलू उर्फ छक्कन पुत्र मोहन लाल के साथ एक साल पहले किया था। आरोप है कि शादी के बाद से विवाहिता पूनम को प्रताड़ित किया जाने लगा। इसी बात को लेकर विवाहिता ने एक सप्ताह पहले ससुराल में आग लगा लिया। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। विवाहिता को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत में कोई सुधार नहीं होने पर उसे इलाहाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां मंगलवार की सुबह विवाहिता ने दम तोड़ दिया। इस बात की जानकारी जब विवाहिता के भाई, मां व अन्य परिजनों को हुई तो अस्पताल में ही बवाल शुरू हो गया। पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों ने विवाहिता के शव को ससुराली जनों से छीन लिया। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर झड़प भी हुई। नाराज परिजनों ने शव को मनौरी पूरामुफ्ती मार्ग पर रख कर जाम लगा दिया। इस बात की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। मामले में पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। परिजनों ने पति सहित ससुराली जनों पर विवाहिता को जला कर मार डालने का आरोप लगाया है। तहरीर पुलिस को दी गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लिया है।