'निगरानी' से गायब हुए 81 हिस्ट्रीशीटर
(जागरण विशेष) -रमजान पर्व शांति व्यवस्था को है बड़ा खतरा, शातिरों की गतिविधियों पर नजर रखने के नि
(जागरण विशेष)
-रमजान पर्व शांति व्यवस्था को है बड़ा खतरा, शातिरों की गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश
-एएसपी की निगाह टेढ़ी, थानेदारों की ली क्लास, बीट सिपाहियों से मांगा गया जवाब
जागरण संवाददाता, कौशांबी : जिले के हिस्ट्रीशीटरों व शातिर अपराधियों की निगरानी में भारी चूक हुई है। बीट के सिपाहियों की लापरवाही की वजह से 81 हिस्ट्रीशीटर लापता हैं। गायब हुए हिस्ट्रीशीटर कहां हैं और क्या कर रहे हैं? इसकी सटीक जानकारी पुलिस के पास नहीं है। रमजान पर्व को देखते हुए एएसपी ने हिस्ट्रीशीटरों की थानावार खोजबीन कराई तो यह चौंकाने वाली जानकारी मिली। रिपोर्ट आते ही एएसपी का पारा गरम हो गया। एएसपी ने सभी थानेदारों को गायब हुए एचएस का पता लगाने का निर्देश दिया है।
जनपद के 12 थानों में करीब 350 हिस्ट्रीशीटर हैं। इन खूंखार व खतरनाक अपराधियों की निगरानी बीट के सिपाही करते हैं। साथ ही इनकी एक-एक गतिविधि की जानकारी प्रतिदिन बीट पर दर्ज करते हैं। बीट के सिपाही इन हिस्ट्रीशीटर अपराधियों को लेकर गंभीर नहीं है, न ही इनकी वह टोह लेते हैं। यही कारण है कि निगरानी के दौरान 81 हिस्ट्रीशीटर गायब हो गए और पुलिस को पता नहीं चला। रमजान पर्व पर शांति व्यवस्था की तैयारी में जुटे पुलिस अधिकारियों ने इनका ब्योरा मंगाया तो चौंकाने वाली जानकारी हुई। अपर पुलिस अधीक्षक ओपी पांडेय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थानेदारों को चेतावनी दी है। साथ ही हिदायत दी है कि थानाध्यक्ष बीट के सिपाहियों को निर्देश दें कि लापता हुए हिस्ट्रीशीटरों की खोजबीन की जाए, साथ ही पता लगाया जाए कि वह मौजूदा समय कहां हैं और क्या कर रहे हैं? आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हैं या नहीं, इसकी भी जानकारी दी जाए। एएसपी ने इस मामले में थानाध्यक्षों पर शिकंजा कस दिया है।
सबसे ज्यादा चरवा से गायब हिस्ट्रीशीटर
कौशांबी : जनपद से लापता हुए 81 हिस्ट्रीशीटरों में सबसे ज्यादा चरवा थाना क्षेत्र के हैं। चरवा थाना में कुल 72 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खुली है। इनमें से 44 ही अपने घर में रह रहे हैं बाकी गायब हैं। चरवा से गायब चल रहे 28 हिस्ट्रीशीटरों की तलाश तेज कर दी गई है। चरवा एसओ मुहम्मद हाशिम ने बताया कि लापता हिस्ट्रीशीटर काम धंधे के लिए बाहर गए हुए हैं। अब वह आने वाले हैं। जल्द ही इनका ब्योरा पुलिस मुख्यालय को भेजा जाएगा।
पर्व को लेकर चौकन्नी हुई खाकी
कौशांबी : रमजान पर्व को लेकर पुलिस की तैयारियां जोरों पर चल रही है। सभी सिपाहियों को आगाह किया गया है। संवेदनशील और अति संवेदनशील गांवों व कस्बों पर पुलिस की निगाह टिकी है। ऐसे में 81 हिस्ट्रीशीटरों का गायब होना पुलिस के लिए ¨चता का शबब बना है। पुलिस अधिकारी गायब हिस्ट्रीशीटरों का सुराग लगाने के लिए थानाध्यक्षों पर दबाव बना रहे हैं। इसके लिए उन्हें चेतावनी भी दी गई है।