भूकंप के झटकों से कांप उठा दोआबा
कौशांबी : जनपद में शनिवार की दोपहर करीब 11:46 बजे भूकंप का तीव्र झटका लोगों ने महसूस किया। धरती हिल
कौशांबी : जनपद में शनिवार की दोपहर करीब 11:46 बजे भूकंप का तीव्र झटका लोगों ने महसूस किया। धरती हिल रही थी। कुर्सी मेज व घर के अन्य सामान हिलने लगे तो दफ्तर व घरों में बैठे लोग जान बचाकर मैदान अथवा खेत की ओर भाग निकले। कस्बों व बाजारों में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद करीब 30 मिनट बाद दोबारा झटके महसूस हुए। इससे लोग दहशत में आ गए। भूकंप के झटके से कई मकानों की दीवारें दरक गईं। डीएम ने सभी स्कूल व कालेज बंद करा दिए। दोबारा भूकंप के झटके आने की चर्चा से जनपद के लोग डरे व सहमे हैं। शनिवार दोपहर भूकंप का पहला झटका लोगों ने 11:46 पर महसूस किया। पहला झटका तीव्र गति का था। घरों के सामान हिलने लगे थे। बंद पंखे झूल रहे थे, चारपाई अपने आप सरकने लगी। दफ्तरों की मेज-कुíसयां हिलने लगीं थी। भूकंप की जानकारी होते ही शोर मचाते हुए लोग घरों व दफ्तरों से बाहर की ओर भागे तो अफरा-तफरी मच गई। कलेक्ट्रेट, एसपी दफ्तर, एआरटीओ दफ्तर, विकास भवन के कर्मचारी बदहवास हालत में बाहर की ओर भागे। यही हाल मंझनपुर, सिराथू, सरायअकिल, अझुवा, चायल, करारी नगर पंचायत व गांवों का रहा। भूकंप का अहसास होते ही लोग अपने बच्चों व परिजनों को लेकर खेतों की ओर भाग खड़े हुए। लोग सामान्य नहीं हो पाए थे कि इसके बाद करीब तीस मिनट बाद दोबारा झटका महसूस हुआ। परिजन परेशान हो गए। मोबाइल के जरिए परिजनों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचने की नसीहत देते रहे, साथ ही उनका हालचाल लेते रहे। डीएम राजमणि यादव ने सभी स्कूलों को बंद कर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने का निर्देश जारी किया। सभी स्कूल आनन-फानन बंद कर दिए गए। डीएम ने सभी राजस्व कर्मियों से भूकंप से होने वाले नुकसान की जानकारी मांगी है। भूकंप आने से कई कच्चे व जर्जर मकानों की दीवारें हिल गई। पश्चिमशरीरा क्षेत्र में एक दस फिट ऊंची दीवार ढह गई तो सिराथू क्षेत्र के दो मकानों की दीवारों में दरार आ गई।