राशन व पेंशन के लिए नहीं लगाने होंगे दफ्तर के चक्कर
भरवारी, कौशांबी : एक क्लिक पर नगर पंचायत भरवारी की जानकारी लोगों के सामने होगी। हाईटेक तरीके से पांच
भरवारी, कौशांबी : एक क्लिक पर नगर पंचायत भरवारी की जानकारी लोगों के सामने होगी। हाईटेक तरीके से पांच मिनट में ही लोगों की समस्याओं का समाधान होगा। पंचायत की नई जानकारी एसएमएस से भी मिलेगी। राशन व पेंशन के लिए लोगों को नगर पंचायत कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
नगर पंचायत भरवारी अब लोगों की पहुंच से दूर नहीं रहेगा। घर बैठे एक क्लिक करने पर नगर पंचायत कार्यालय से संबंधित जानकारी हासिल हो जाएगी। नगर पंचायत का सारा डाटा कम्प्यूटर पर फीड कर आनलाइन किया जा रहा है। नगर पंचायत अध्यक्ष संजय कुमार गुप्ता ने गुरुवार को पत्र प्रतिनिधियों से रूबरू होते हुए कहाकि नागरिकों को नगर पंचायत की सुविधाएं घर बैठे मिलेंगी। जिसके लिए नगर पंचायत को हाईटेक किया जा रहा है। पूरे डाटा को गूगल के माध्यम से ऑनलाइन किया जाएगा। एक मार्च के बाद परिवार रजिस्टर का विवरण, राशन कार्ड के प्रकार, गैस कनेक्शन, पानी कनेक्शन, बिजली, पेंशन की जानकारी लोग घर बैठे ले सकेंगे। इसके साथ ही नगर पंचायत क्षेत्र के प्रत्येक घर के मुखिया का नंबर ऑनलाइन होगा। जिसमें नगर पंचायत से जुड़ी जानकारियां एसएमएस के माध्यम से भेजी जाएंगी। पेयजल बिल भी मैसेज से मिलेगा। नगर क्षेत्र में पेयजल के लिए प्री-पेड व पोस्ट-पेड मीटर लगेंगे। लोगों को अपनी सुविधा अनुसार पानी की सप्लाई का प्लान चुनने की आजादी होगी। उन्होंने कहाकि नगर पंचायत के कर्मचारी नियमित समय से कार्यालय आएं इसके लिए बायोमैट्रिक मशीन, सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। पूरे क्षेत्र का नक्शा भी ऑनलाइन होगा। इस मौके पर नगर पंचायत कर्मी व सभासद भी मौजूद रहे।