डायट प्राचार्य के खिलाफ कर्मियों ने खोला मोर्चा
कौशांबी : जिला शिक्षा प्रशिक्षण संस्थान (डायट) मंझनपुर के प्रवक्ताओं व बाबुओं ने डायट प्राचार्य क
कौशांबी : जिला शिक्षा प्रशिक्षण संस्थान (डायट) मंझनपुर के प्रवक्ताओं व बाबुओं ने डायट प्राचार्य के खिलाफ उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को कर्मचारियों ने जिलाधिकारी से गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत की। इस पर डीएम ने आश्वासन दिया है कि जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। मामले में डायट प्राचार्य ने कर्मचारियों पर शिकंजा कसने के कारण बेबुनियाद आरोप लगाने की बात कही।
डायट मंझनपुर के कर्मचारियों ने डीएम को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि प्राचार्य ने बाबुओं का वेतन रोक दिया है, उनसे जबरन काम कराया जा रहा है। इसका कर्मचारियों ने विरोध करना शुरू किया तो सामूहिक रूप से स्पष्टीकरण मांगा गया। इससे नाराज डायट के कर्मचारियों ने बुधवार को डीएम से मिलकर प्राचार्य के खिलाफ शिकायत की। डीएम को बताया कि प्राचार्य इलाहाबाद में सरकारी आवास का आवंटन कराकर रहते हैं और कौशांबी से भी आवास का भत्ता भी ले रहे हैं। बजट होने के बाद भी उनको वेतन नहीं दिया जा रहा है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि डायट के प्रशिक्षुओं से प्राचार्य ही जबरन वसूली कराते हैं। शिकायत को डीएम राजमणि यादव ने गंभीरता से लेते हुए जांच कराकर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।
डायट के कर्मचारियों ने लिखित शिकायत की है। मामला गंभीर है। प्राचार्य से आख्या मांगी गई है, रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
राजमणि यादव, जिलाधिकारी
कर्मचारी काम नहीं कर रहे हैं। शिक्षक भर्ती की काउंसिलिंग में कर्मचारियों ने मनमानी की, सहयोग नहीं किया। प्रवक्ता क्लास ले नहीं रहे हैं। स्पष्टीकरण मांगने पर झूठी शिकायत कर रहे हैं। यदि डीएम ने जवाब मांगा तो वह भी अपना पक्ष रखेंगे, लापरवाही करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
नरेंद्र शर्मा, प्राचार्य