प्रसव के बाद महिला की मौत, भागे अस्पताल कर्मी
कौशांबी : सैनी में एक निजी अस्पताल में कड़ा की एक महिला का गुरुवार को आपरेशन से प्रसव हुआ। इलाज के दौ
कौशांबी : सैनी में एक निजी अस्पताल में कड़ा की एक महिला का गुरुवार को आपरेशन से प्रसव हुआ। इलाज के दौरान शुक्रवार को महिला की मौत हो गई। इससे आक्रोशित परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। उधर, महिला की मौत के बाद अस्पताल के कर्मचारी भाग खड़े हुए हैं। सीएमओ ने मामले की जांच कर कार्रवाई की बात कही।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के कड़ा की चंदाबानो (32) पत्नी रुआब अली गर्भवती थी। गुरुवार की रात प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने उसे सैनी के एक निजी नर्सिगहोम में भर्ती कराया। रात में चिकित्सकों ने प्रसव के लिए आपरेशन किया, लेकिन रक्तस्राव नहीं बंद हुआ। इससे चंदाबानो की हालत बिगड़ गई और शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। इस पर आक्रोशित परिजनों ने स्टाफ से नाराजगी जताई। महिला की मौत के बाद कई कर्मचारी अस्पताल से खिसक गए। सैनी कोतवाली पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं सीएमओ राजकुमार का कहना है कि मामले की जांच कराकर वह कार्रवाई कराएंगे।