डग्गामार वाहन चालकों की मनमानी से यात्री परेशान
कौशांबी : दोआबा में डग्गामार वाहन चालकों की मनमानी से यात्री परेशान हैं। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत भी पुलिस अधीक्षक से की थी। एसपी ने एसओ को डग्गामार वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। इसके बाद भी कोतवाली पुलिस द्वारा वाहन चालकों पर कार्रवाई नहीं की गई। जिससे उनके हौसले बुलंद हैं।
जिले के चौराहे व बाजारों में डग्मामार वाहन चालक अपने वाहनों को आड़े-तिरछे खड़ा कर देते हैं। इसकी वजह से जाम की समस्या खड़ी हो जाती है। यही नहीं वाहन चालक मनमानी तरीके से सवारी बैठाते हैं। इतना ही नहीं कभी-कभी तो लड़कियों व महिलाओं का हाथ पकड़ कर वाहन में बैठाने की कोशिश की जाती है। इससे आए दिन विवाद होता रहता है। एक सप्ताह पूर्व मंझनपुर चौराहे पर आटो चालक ने एक महिला का हाथ पकड़ कर बैठाने की कोशिश करने पर महिला के पति ने विरोध किया तो वाहन चालकों ने उसकी बेरहमी से पिटाई भी कर दी थी। पीड़ित दंपती ने मामले की सूचना मंझनपुर कोतवाली पुलिस को दी थी। प्रकरण को गंभीरता से लेने के बाद पुलिस अधीक्षक आरके पांडेय ने एसओ को वाहन चालकों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई का निर्देश भी दिया था। इसके बाद भी वाहन चालकों की मनमानी पर रोक लगाने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे वाहन चालकों के हौसले बुलंद है।