बिजली के लिए निषेधाज्ञा का उल्लंघन
कौशांबी : विद्युत आपूर्ति व सिंचाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए भाजपा के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर निषेधाज्ञा का उल्लंघन किया। लेकिन किसी भी अधिकारी की निगाह इस ओर नहीं थी। एक ओर भाजपा कार्यकर्ता नारेबाजी कर रहे थे तो वहीं दूसरी ओर नामांकन चल रहा था। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को शिकायती पत्र देकर कर समस्या के निराकरण की मांग की।
जनपद की बिगड़ी विद्युत आपूर्ति के कारण नहरों में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इससे नाराज किसानों ने भाजपा के जिला मंत्री साजन मौर्य की अगुवाई में कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। हालांकि इस दौरान पुलिस मौजूद रही, लेकिन इनको किसी ने नहीं रोका। अतिरिक्त मजिस्ट्रेट गणेश प्रसाद को शिकायती पत्र के माध्यम से बताया कि जिले में रोस्टर के मुताबिक विद्युत आपूर्ति नहीं हो रही है और न ही नहरों ने पानी का प्रवाह हो रहा है। इसकी वजह से धान की फसल सूख रही है। इस समस्या को लेकर भाजपा नेता की अगुवाई में मंगलवार को दर्जनों किसानों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया।
--------
फंस सकते हैं प्रदर्शन कर्ता
कौशांबी : विधान सभा सिराथू क्षेत्र के उप चुनाव को लेकर पूरे जनपद में निषेधाज्ञा लागू है। कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश कर प्रदर्शन करना भाजपा नेता व किसानों को काफी मंहगा पड़ सकता है,क्योंकि शिकायत पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने मामले जांच शुरू करा दी है।