बालू माफिया के हमले में मजदूर घायल
महेवाघाट, कौशांबी : महेवाघाट थाना क्षेत्र के शाहपुर में अवैध तरीके से बालू खनन कर लोगों के खेत से जबरन टै्रक्टर ट्राली निकाली जा रही है। विरोध करने पर दो मजदूरों को बेरहमी से पीटकर घायल कर दिया गया। मजदूरों की तहरीर पर पुलिस आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
महेवाघाट थाना क्षेत्र के शाहपुर घाट से बालू की निकासी की जा रही है। महेवाघाट थाना क्षेत्र के छोटा माली की देखरेख में यह कारोबार चल रहा है। बोट के जरिए यमुना नदी से मजदूर बालू निकालकर घाट के किनारे लाते हैं। कोई रास्ता न होने के कारण लोगों के खेत से जबरन बालू लदी टै्रक्टर ट्राली निकाली जा रही है। इसका कई बार लोगों ने विरोध किया। शाहपुर गांव के मजदूर लसटकिया पुत्र हनुमान से इसी बात को लेकर गुरुवार को विवाद हो गया था। मजदूर के विरोध करने पर छोटा माली ने लसटकिया को बेरहमी से पीटा। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शनिवार को गांव के ही एक और मजदूर को मारा पीटा गया। पुलिस ने लसटकिया की तहरीर पर एफआइआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। छोटा माली की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ दबिश दी गई, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा। महेवाघाट थानाध्यक्ष राकेश सिंह का कहना है कि आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।