शादी से पहले इंकार, दुल्हन हुई विक्षिप्त
कौशांबी : पिपरी थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती की बुधवार को बरात आनी थी, लेकिन एक हफ्ता पहले वर पक्ष ने शादी से इंकार कर दिया। इससे दुल्हन की मानसिक हालत खराब हो गई। उसने आत्महत्या का प्रयास किया, तो परेशान परिजनों ने उसे पीट दिया। इससे उसकी हालत गंभीर हो गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पिपरी थाना क्षेत्र की एक युवती की शादी चार माह पहले शेखरपुर रसूलपुर के एक लड़के साथ तय हुई थी। बुधवार को बरात आनी थी। शादी से एक हफ्ता पहले लड़का विवाह करने से इंकार कर दिया। परिजनों ने युवती की यमुनापार क्षेत्र में एक युवक के साथ आनन-फानन शादी तय कर दी। उधर शेखपुर रसूलपुर के लड़के की धोखेबाजी से आहत लड़की की मानसिक स्थिति खराब हो गई। इसकी जानकारी नए रिश्तेदारों को हुई तो लड़के ने भी शादी से इंकार कर दिया। इस पर परिजनों ने छोटी बेटी के साथ शादी करने की बात कही, लेकिन बात नहीं बनी। उधर तीन दिन पहले युवती ने आत्महत्या का प्रयास किया, तो दुतरफा से परेशानी झेल रहे परिजनों ने आपा खोकर उसे पीट दिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। इलाज के लिए अस्पताल में उसे भर्ती कराया गया। इस संबंध में पिपरी थाना प्रभारी रामेंद्र तिवारी ने घटना से अनभिज्ञता जताई। कहा कि शिकायत हुई तो पुलिस कार्रवाई करेगी।