बोलेरो की टक्कर से यमुना में गिरे दो युवक
संवाद सहयोगी, घाटमपुर : यमुना पुल पर तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक पर जा रहे दो युवकों को पीछे से टक्कर
संवाद सहयोगी, घाटमपुर : यमुना पुल पर तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक पर जा रहे दो युवकों को पीछे से टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार दोनों युवक यमुना में जा गिरे। कुछ देर बाद जब लोगों को जानकारी हुई तो मौके पर पुलिस पहुंची। काफी कवायद के बाद पुलिस व ग्रामीणों ने एक युवक को तलाश लिया। जब तक उसे अस्पताल लाया जाता, तब तक उसकी मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने वाहनों में तोड़फोड़ करते हुए एक सिपाही से भी मारपीट की।
सोमवार शाम करीब सात बजे सजेती थाना क्षेत्र के लहुरीमऊ गांव निवासी धर्मराज (20) पुत्र रामजस अपने मित्र संजय (19) पुत्र मान ¨सह के साथ बाइक से हमीरपुर आ रहा था। यमुना पुल पर पीछे से तेज रफ्तार बोलेरो जीप ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार दोनों युवक पुल से नदी में जा गिरे। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच कर युवकों की खोजबीन में जुट गई। सूचना पर लहुरीमऊ गांव के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने नदी के अंदर जाकर धर्मराज को खोज निकाला। संजय की तलाश की जा रही है। ग्रामीण जब धर्मराज को नदी से ऊपर लेकर आए तो उसकी सांसे चल रही थी। उसे अस्पताल ले जाने के लिए वहां पर कोई साधन नहीं था। ग्रामीणों ने सजेती पुलिस की जीप में बैठाया, लेकिन जीप चालू नहीं हुई। ग्रामीणों ने जीप में धक्का लगाया। इसके बाद भी कोई सफलता नहीं मिली। इससे ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। ग्रामीणों ने जीप में बैठे सिपाही को पीट दिया। भीड़ ने जीप में तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान ग्रामीणों ने घाटमपुर निवासी सोनू ओमर की मारुती वैन को तोड़ डाला। पुलिस की ओर से कोई सहायता न मिलने से भीड़ ने पुल पर जाम लगा दिया। हंगामा के आधे घंटे बाद पहुंची एंबुलेंस से धर्मराज को सदर अस्पताल लाया गया। जहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। देर रात तक ग्रामीण संजय की खोज नदी में करते रहे।