चेक वितरण में लेखपाल कर रहे वसूली
घाटमपुर, संवाद सहयोगी : किसान समस्याओं को लेकर सोमवार को आयोजित धरने में भाजपा सांसद देवेंद्र सिंह भ
घाटमपुर, संवाद सहयोगी : किसान समस्याओं को लेकर सोमवार को आयोजित धरने में भाजपा सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने वर्णमाला क्रम की बजाय सपाइयों के इशारे पर चिह्निंत गांवों में राहत राशि की चेक वितरण और लेखपालों के माध्यम से किसानों से वसूली कराने के आरोप लगाए। उन्होंने किसान समस्याओं के लिए संघर्ष करने का ऐलान किया।
सोमवार की सुबह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ तहसील पहुंची पूर्व सांसद कमलरानी की धरने की अनुमति को लेकर उपजिलाधिकारी कमलेश चंद्र बाजपेयी से बहस हो गई थी। हालांकि बाद में उपजिलाधिकारी ने भाजपाइयों को दोपहर दो से तीन बजे के मध्य तहसील में धरना प्रदर्शन की अनुमति दी। घटनाक्रम की जानकारी के बाद भड़के भाजपा सांसद ने तहसील परिसर में धरना प्रदर्शन में अफसरों को 'राज का पूत' की संज्ञा देते हुए सत्ता के हितों का संरक्षण करने वाला और खुद को गरीबों व असहायों पर होने वाले अत्याचार के खिलाफ संघर्ष करने के लिए हर समय तत्पर रहने वाला बताया। धरने में ग्रामीण जिलाध्यक्षा कमलेश गौतम ने किसान समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री पर निशाना साधा। एमएलसी अरुण पाठक ने सपा सुप्रीमो पर नियम ताक में रख सजातीयों को सरकारी नौकरियां देने का आरोप लगाया। जिला कोषाध्यक्ष वेदव्रत सचान के संजोजन में धरना सभा को भाजपा नेत्री गीता सोनकर, सुरेश द्विवेदी, रामदेव शुक्ला, जिला पंचायत सदस्य राज नारायण कुरील, उपेंद्र पासवान, पवन प्रताप सिंह, प्रदीप सिंह कछवाह, विद्या सागर त्रिपाठी, देवेश कुमार, दलजीत सिंह, अरविंद सचान, राम आसरे पाल, कृष्ण मुरारी शुक्ल ने संबोधित किया। सभा का संचालन कमलेश त्रिवेदी ने किया।