आशनाई में हुई थी अंबरपुर के युवक की हत्या
रूरा, संवाद सूत्र : थाना क्षेत्र के अंबरपुर गांव के युवक की हत्या अपने भाई की आशनाई के चक्कर में हुई
रूरा, संवाद सूत्र : थाना क्षेत्र के अंबरपुर गांव के युवक की हत्या अपने भाई की आशनाई के चक्कर में हुई थी। शुक्रवार को पुलिस ने गांव के ही दो युवकों व पिलखिनी निवासी उनके एक रिश्तेदार को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया। इसके साथ ही मुख्य आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सना बांका बरामद कर लिया।
अंबरपुर गांव निवासी सत्येंद्र पाल सिंह (30) कानपुर की एक प्लास्टिक फैक्ट्री में काम करता था। होली के त्योहार पर वह गांव आया था। जहां 7 मार्च को पड़ोसी जगजीवन के यहां अखंड रामायण में भाग लेने के लिए तैयार हो रहा था। इसी बीच उसके मोबाइल पर किसी का फोन आने के बाद वह वहां से निकल गया था। दूसरे दिन 8 मार्च को उसका शव गांव के बाहर खेतों पर बनी नाली में सरसौड़ी से दबा मिला था। सूचना पर एसपी वजीह अहमद, सीओ सदर विनीत भटनागर ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की थी। मामले में मृतक के पिता लाखन की तहरीर पर अज्ञात हत्यारे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन कर ही थी। एसओ रूरा देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि छानबीन में मृतक के भाई धर्मेद्र के पड़ोस की एक युवती से अवैध संबंधों की बात प्रकाश में आई थी। जिसके चलते पड़ोसी उसकी हत्या करना चाहते थे। इस बात की जानकारी होने पर युवक का पड़ोसी से विवाद हुआ था। जिसके चलते पड़ोसी बच्चन पाल ने गांव के कल्लू पाल व रिश्तेदार पिलखिनी निवासी नरेश पाल के साथ मिलकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में हत्या करने की स्वीकारोक्ति की है। इसके साथ ही मुख्य आरोपी की निशानदेही पर घटना स्थल के पास से हत्या में प्रयुक्त खून सना बांका बरामद कर लिया गया।