उल्लास की बहार, रोशनी से जगमगाए घर-द्वार
कानपुर देहात, जागरण संवाददाता : दीपावली की पूर्व संध्या पर ही लोगों में त्योहार का उल्लास चरम पर नजर
कानपुर देहात, जागरण संवाददाता : दीपावली की पूर्व संध्या पर ही लोगों में त्योहार का उल्लास चरम पर नजर आया और घर-द्वार दीपों से जगमगाते रहे। देर शाम घर के कोनों में दीप जलाकर लोगों ने छोटी दीपावली यानि यमचतुर्दशी का पर्व धूमधाम से मनाया। वहीं बच्चों ने फुलझड़ी, अनार व पटाखे जला कर खुशी जताई।
जनपद में छोटी दीपावली यानी यम चतुर्दशी पर्व पर शाम ढलते ही कस्बों में लोगों के घर दीपकों और रंगीन इलेक्ट्रानिक झालरों से जगमगा उठे। बच्चों ने देर रात तक फुलझड़ी, अनार, महताब व पटाखे वाली आतिशबाजी के नजारे आसमान में रंगीन माहौल नजर आया। वहीं लोग गुरुवार को दीपावली पर्व मनाने के लिए पूरे दिन तैयारी में जुटे रहे। पंडितों ने शाम 6.30 से 8. 30 बजे तक लक्ष्मी गणेश पूजन व द्वीप प्रज्ज्वलन के लिए शुभ मुहूर्त बताया है। रूरा निवासी पं. सूबेदार शास्त्री व भटौली के आरएन तिवारी ने बताया कि गुरुवार को गोधूलि बेला के बाद लक्ष्मी पूजन की घड़ी आ जाएगी। प्रदोष काल शाम 6.30 बजे से 8.30 बजे तक रहेगा, इसमें लक्ष्मी-गणेश पूजन व दीप प्रज्ज्वलन करें। उन्होंने बताया कि रात 7.00 बजे से 8. 30 बजे तक वृष लग्न में गृहस्थों समेत सभी के लिये मां लक्ष्मी का पूजन शुभ व प्रगति दायक है। व्यवसाय व आर्थिक प्रगति के लिए रात 12 से 3 बजे तक सिंह लग्न में रिद्धि-सिद्धि के साथ लक्ष्मी पूजन प्रभावकारी रहेगा।