773 मतदान केंद्रों पर कल 903419 मतदाता डालेंगे वोट
कानपुर देहात,जागरण संवाददाता: लोकसभा चुनाव में सिकंदरा, अकबरपुर रनियां व रसूलाबाद विधानसभा क्षेत्र के 773 मतदान केंद्रों पर 24 अप्रैल को 903419 मतदाता प्रत्याश्यिों के भाग्य का फैसला मतपेटी में कैद करेंगे। इनमें तीनों क्षेत्रों के 55 किन्नर भी मतदान में हिस्सा लेंगे। मतदान की निगरानी के लिए 193 माइक्रो आब्जर्वर मौजूद रहेंगे। तीस केंद्रों से मतदान के सीधे प्रसारण होगा।
संसदीय क्षेत्र इटावा से जुड़े सिकंदरा, कन्नौज से जुड़े रसूलाबाद व अकबरपुर लोकसभा के अकबरपुर-रनियां विस क्षेत्र में 24 अप्रैल को मतदान होना है। अकबरपुर रनियां विस क्षेत्र के 297756 मतदाता 261 मतदान केंद्रों पर बने 343 बूथों पर वोट डालेंगे। इनमें 134970 महिलाएं व 32 किन्नर भी शामिल है। रसूलाबाद विस क्षेत्र के 296415 मतदाता 230 मतदान केंद्रों पर बने 315 बूथों पर मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 132751 महिलाएं व 7 किन्नर भी शामिल है। सिकंदरा विस क्षेत्र के 309248 मतदाता 282 मतदान केंद्रों के 364 बूथों पर मतदान करेंगे। इनमें 138919 महिलाएं व 6 किन्नर भी शामिल हैं। अकबरपुर रनियां में दो बैलेट यूनिट लगेंगी, वहीं अन्य जगह एक ईवीएम से मतदान होगा।