आर्डिनेंस फैक्ट्री में केबिल बाक्स के विस्फोट से छह झुलसे
जागरण संवाददाता, कानपुर : कालपी रोड पर आयुध निर्माणी में शुक्रवार को केबिल बाक्स ठीक कर
जागरण संवाददाता, कानपुर : कालपी रोड पर आयुध निर्माणी में शुक्रवार को केबिल बाक्स ठीक करने के दौरान करंट चालू होने से उसमें तेज विस्फोट हो गया। इस हादसे में छह कर्मचारी घायल हो गए, जिसमें तीन की हालत खराब है। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आर्डिनेंस फैक्ट्री में यह हादसा फोर्जिग सिस्टम कंपाउंड में हुआ। सूत्र बताते हैं कि फैक्ट्री का यह हिस्सा पूरी तरह से इलेक्ट्रिक है। यहां पर गोले बनाने के लिए लोहे को 1500 से 1600 डिग्री सेल्सियस पर पिघलाया जाता है। दोपहर बाद फोर्जिग सिस्टम के केबिल बॉक्स में फाल्ट आ गया। इसमें तीन फेस से बिजली सप्लाई होती है। सप्लाई काटकर कर्मचारी फाल्ट सही कर रहे थे। फाल्ट सही करने के बाद बॉक्स बांधा जा रहा था कि अचानक करंट चालू हो गया। तीनों लाइन एक साथ मिल गई और जिससे तेज आवाज के साथ फ्लैश ओवर हुआ। चिंगारियों से मौके पर काम कर रहे राजेश दास, सत्येंद्र गुप्ता और दीपक सिंह गंभीर रूप से झुलस गए। तीनों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामूली झुलसे इंद्रजीत गुप्ता, दीपक कुमार और अजीत कुमार को अर्मापुर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर आर्डिनेंस फैक्ट्री के जीएम एके जैन मौके पर पहुंचे। वह घायलों से मिलने भी पहुंचे।