Lockdown Kanpur: थोक बाजार के लिए डीएम का बड़ा फैसला, बदले नियम, अब इस फॉर्मूले पर खुलेंगी दुकानें
अब सुबह दस बजे से शाम छह बजे तक खुलेंगी थोक दुकानें शारीरिक दूरी का रखना होगा ध्यान।
कानपुर, जेएनएन। खरीदारी के लिए उमड़ रही भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी ने शहर के थोक बाजार के खुलने का समय बदल दिया है। अब थोक दुकानें सुबह दस बजे से शाम छह बजे तक खुलेंगी, जबकि पहले सुबह आठ बजे से खोलने का आदेश था।
दुकानों के खुलने में लागू होगी अल्टरनेट व्यवस्था
जिलाधिकारी डॉ. ब्रह्मदेव राम तिवारी ने बताया कि लॉकडाउन और सोशल डिस्टेंसिंग को कड़ाई से लागू करने के साथ ही आवश्यक वस्तुओं की आपूॢत सुनिश्चित रखने के लिए थोक बाजार का समय बदला गया है। शहर की कलक्टरगंज, बिरहाना रोड और नयागंज क्षेत्रों की आवश्यक वस्तुओं और दवाओं की थोक की दुकानें अब सुबह दस बजे से शाम छह बजे तक खुलेंगी। वहीं भीड़ अधिक न हो इसके लिए इन बाजारों में भी अल्टरनेट व्यवस्था रहेगी यानी आधी दुकानें एक दिन और बाकी की दुकानें दूसरे दिन खुलेंगी। इससे शारीरिक दूरी का भी पालन हो सकेगा। वहीं शेष वस्तुएं और सेवाएं जो आवश्यक सेवाओं में शामिल नहीं है, उनकी पहले से चली आ रही व्यवस्था यथावत जारी रहेगी।
अभी दोपहर में ही बंद हो जाती थी दुकानें
गौरतलब है कि इससे पहले प्रशासन ने थोक बाजार खोलने का समय सुबह आठ बजे निर्धारित किया था। इसमें दुकानें तो आठ बजे खुल जाती थीं, लेकिन ज्यादातर दुकानदार दोपहर 12 बजे तक दुकानें बंद कर देते थे। इसकी वजह ये थी कि लॉकडाउन की सख्ती के कारण छोटे दुकानदार बाजार आ ही नहीं पाते थे और सन्नाटा पसर जाता था। वहीं सुबह फोर्स न होने के कारण शारीरिक दूरी का पालन नहीं हो पाता था।