Coronavirus in kanpur : प्रशासन ने शहर में छह रेड जोन का बैरियर बनाए, इन जगहों पर जाना है मना
कोरोना संक्रमित छह जमाती मिलने के बाद प्रशासन ने बैरीकेडिंग लगाकर आवाजाही रोक दी है।
कानपुर, जेएनएन। दीनी प्रसार-प्रचार के लिए कानपुर में आई तब्लीगी जमातों का क्हर ऐसा टूटा कि इलाके रेड जोन में आने लगे। एक ही दिन में छह लोगों के संक्रमित पाए जाने से मची खलबली के बीच प्रशासन ने 'जमात' का संक्रमण रोकने के लिए नगर के चार और ग्रामीण क्षेत्र के दो इलाकों में रेड जोन का बैरियर लगा दिया है। इन जगहों पर लोगों की आवाजाही रोक दी गई है।
जमाती की ट्रैवल हिस्ट्री के आधार पर लगाई बैरीकेडिंग
कोरोना वायरस से संक्रमित मिले जमाती जिन-जिन मस्जिदों में गए थे, उनकी ट्रैकिंग होगी और संपर्क में आए लोग चिह्नित किए जा रहे है। हुमांयू मस्जिद में जमातियों से मिले 20 लोगों को चिह्नित किया गया है। जमातियों की ट्रैवल हिस्ट्री के आधार पर शहरी क्षेत्र के चार और ग्रामीण क्षेत्र के दो इलाके रेड जोन घोषित कर बेरीकेटिंग कर दी गई। लॉकडाउन का पालन कराने के लिए पीएसी लगाई गई है।
यहां सीमा सील करके लगाई पीएसी
एसएसपी अनंत देव ने बताया कि शुक्रवार को आइ रिपोर्ट में संक्रमित बताए गए छह जमाती दो अलग-अलग जमात के हैं। दो संक्रमित अफगानी उस जमात से हैं जिसके आठ विदेशी सदस्य 14 मार्च और तीन भारतीय 18 मार्च को चमनगंज की हलीम प्राइमरी वाली मस्जिद मे ठहरे थे। दो-तीन दिन रुकने के बाद सभी कर्नलगंज की हुमायूं मस्जिद गए और नौबस्ता की खैर मस्जिद होते हुए बाबूपुरवा की सुफ्फा मस्जिद पहुंचे।
दूसरी जमात घाटमपुर और सजेती की बरीपाल स्थित बड़ी मस्जिद में ठहरी थी। यही दल कानपुर देहात के गजनेर और कैंथा में भी धर्म प्रचार के लिए गया और तीन दिन रुका। कानपुर देहात प्रशासन को इसकी जानकारी दे दी है। ट्रैवल हिस्ट्री के मुताबिक जमाती जिन छह मस्जिदों में गए थे, उनका एक किमी परिधि का इलाका रेड जोन घोषित कर बेरीकेड कर दिया गया है। सीमाएं सील कर पीएसी तैनात कर दी गई है।
इसलिए रेड जोन में हैं ये इलाके
कोरोना संक्रमित जमाती इन इलाकों में रुके हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि यहां संक्रमण तेजी पकड़ सकता है। इसीलिए एहतियातन इन्हें सील कर दिया गया है। मरकज में जाने की छावनी के गोलाघाट क्षेत्र में रहने वाला परिवार क्वारंटाइन है। शुक्रवार को पुलिस ने एहतियातन घर की ओर जाने वाले रास्ते बंद कर दिए हैं। एक बेरीकेड सेंट मेरी स्कूल के सामने भी लगाई गई है। फीलखाना के पटकापुर स्थित मीर महमूद मस्जिद में कोरोना कंट्रोल रूम की टीम पहुंची और गुरुवार के बाद शुक्रवार को भी सभी की थर्मल स्क्रीनिंग की। किसी में कोरोना के लक्षण नहीं मिले हैं।
यहां एक किमी परिधि क्षेत्र है रेड जोन
- चमनगंज में हलीम प्राझमरी वाली मस्जिद।
- कर्नलगंज में हुमायूं मस्जिद।
- नौबस्ता में खैर मस्जिद।
- बाबूपुरवा में सुफ्फा मस्जिद।
- सजेती में बरीबाल स्थित बड़ी मस्जिद।
- घाटमपुर की मस्जिद।
रेड जोन के लिए वे है योजना
- सभी मस्जिद की एक-एक किमी परिधि में बेरीकेडिंग लगाकर आने-जाने वालों पर पाबंदी लगाई जाएगी।
- सभी मस्जिदों और आसपास के इलाके को सैनिटाइज़ किया जाएगा।
- शुक्रवार को चमनगंज की हलीम प्राइमरी मस्जिद सैनिटाइज की गई।
- मस्जिदों में आने-जाने वालों का पता लगाकर सभी का चेकअप होगा।
- लक्षण मिलने पर कोरोना वायरस की जांच कराई जाएगी।
- जमातियों से मिलने बाले ऐसे लोगों को तलाशा जाएगा, जिनका सामाजिक दायरा बड़ा है। इन्हें क्वारंटाइन किया जाएगा।