कोचिंग गई छात्रा का निर्वस्त्र शव रेल पटरी पर मिला, किसने की हत्या-क्या हुआ उसके साथ Farukhabad News
परिजनों ने अगवा कर दुष्कर्म के बाद हत्या की बात कही है।
फर्रुखाबाद, जेएनएन। शमसाबाद थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक छात्रा का शव रेल पटरी पर पड़ा मिला। छात्रा के पैर कट गए थे और शरीर बुरी तरह क्षतविक्षत हो चुका था, जिसे देखकर लोगों के दिल दहल गए। शरीर पर कपड़े न होने पर लोगों ने छात्रा को अगवा कर दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई। पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू की है।
शमसाबाद थाना क्षेत्र में रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी रजलामई इंटर कालेज में इंटरमीडिएट की छात्रा थी। रविवार शाम करीब 6:30 बजे वह घर से कोचिंग पढऩे जाने के लिए निकली थी। देर रात तक वह कोचिंग से वापस घर नहीं आई तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने रात में ही उसकी तलाश शुरू की लेकिन कुछ पता नहीं चला। सोमवार की सुबह गांव के पास रेलवे लाइन पर उसका क्षत विक्षत शव पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। जानकारी होते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
उसके दोनों पैर कटे थे, चेहरे व सिर में गंभीर चोट के निशान मिले। शरीर पर कपड़े न होने पर परिजनों ने उसे अगवा कर दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाया। कीमैन अजयवीर ने छात्रा का शव रेलवे लाइन से हटाया। इस बीच पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। प्राथमिक छानबीन में माना जा रहा है कि छात्रा की हत्या कर हादसे का रूप देने के लिए उसे पटरी पर डाल दिया गया, जिससे ट्रेन की चपेट में आने से वह कट गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।