गोद लिए स्कूल में भाजपा का बच्चों पर दुलार
जागरण संवाददाता, कानपुर : गोद लिए गए विद्यालय पर भाजपा ने शनिवार को खूब प्यार लुटाया। उत्तर जि
जागरण संवाददाता, कानपुर : गोद लिए गए विद्यालय पर भाजपा ने शनिवार को खूब प्यार लुटाया। उत्तर जिलाध्यक्ष सहित पूरी इकाई ने इसकी दशा बदलने का संकल्प लिया तो भाजयुमो ने नए बस्ते, कॉपी-किताब आदि वितरित कर बच्चों के चेहरे पर मुस्कान बिखेरी।
पार्टी नेतृत्व ने सभी जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारियों को एक-एक सरकारी स्कूल गोद लेकर उसका स्तर सुधारने का जिम्मा दिया है। इसके तहत उत्तर जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी ने शास्त्रीनगर स्थित कन्या प्राथमिक विद्यालय को गोद लिया है, जिसमें फिलहाल बालक भी पढ़ रहे हैं। शनिवार को भाजयुमो ने यहां पाठ्य सामग्री, खाद्य सामग्री और फर्स्ट एड बॉक्स का वितरण किया। यह सामान पाकर बच्चे खिलखिला उठे। जिलाध्यक्ष ने बताया कि पूरी जिला इकाई के साथ ही उनकी पत्नी वंदना मैथानी भी सहयोगी के रूप में इस विद्यालय को देखेंगी। सप्ताह में तीन दिन जिला उपाध्यक्ष रंजना पाठक निगरानी करेंगी। स्कूल में नया मंच बनवाया जा रहा है। उन्होंने इस विद्यालय को मॉडल रूप में विकसित करने का संकल्प लिया। बेहतर मिड डे मील की निगरानी की जिम्मेदारी वार्ड अध्यक्ष संजय लाला और मंडल अध्यक्ष विजय मिश्रा को सौंपी गई है। इस अवसर पर भाजयुमो महानगर अध्यक्ष प्रमोद विश्वकर्मा, सुनील बजाज, विक्की छाबड़ा, दीपक सिंह, मनजीत सिंह, रचित पाठक, पवन गुप्ता, सुनील साहू, अक्षय द्विवेदी आदि थे।