ई रिक्शा पर प्रतिबंध का नहीं हो रहा अमल
जागरण संवाददाता, कानपुर : नरोना से गोल चौराहे तक ई रिक्शा पर प्रतिबंध का अब तक पालन नहीं हो रहा। एसप
जागरण संवाददाता, कानपुर : नरोना से गोल चौराहे तक ई रिक्शा पर प्रतिबंध का अब तक पालन नहीं हो रहा। एसपी ट्रैफिक के आदेशों को मातहत ही हवा में उड़ा रहे हैं। शनिवार को फूलबाग व बड़े चौराहे पर सख्ती दिखी तो परेड, चुन्नीगंज के पास अराजकता हावी रही।
नो टेंपो जोन की तरह नरोना चौराहे से लेकर गोल चौराहे तक की सड़क को नो ई रिक्शा जोन बनाने की कवायद शुरू हुई है। तीन दिन पहले अफसरों ने बैठक करके 12 किमी की इस रोड को ई रिक्शा मुक्त करने के आदेश दिए, लेकिन अब तक इन आदेशों का सही से पालन नहीं हो रहा है। शनिवार को लाल इमली चौराहा, फूलबाग, बड़ा चौराहा और नरोना चौराहे के पास ट्रैफिक पुलिस ने कई ई रिक्शा को रोका, लेकिन बाकी चौराहों व तिराहों पर ई रिक्शा की मनमानी रही।
सीओ ट्रैफिक रणविजय सिंह ने बताया कि कई ई रिक्शा पर कार्रवाई की गई है। बाकी स्थानों पर भी कार्रवाई कराई जा रही है। गलियों से निकलकर कई ई रिक्शा इस रोड पर चले आते हैं। उन्हें समझाया जा रहा है।
ई रिक्शा चालकों ने फिर किया हंगामा
पुलिस की सख्ती के बाद ई रिक्शा चालकों ने भी विरोध शुरू कर दिया है। शुक्रवार रात हंगामे के बाद शनिवार सुबह भी नरोना चौराहे के पास उन्होंने प्रदर्शन किया। सीओ ने बताया कि दो दिन पहले 36 ई रिक्शा को बंद किया गया था। इसमें 10 ई रिक्शा के चालक कोई कागज नहीं दिखा सके। लिहाजा उन्हें सीज कर दिया गया। अब कोर्ट ही उस पर फैसला लेगा। चालक इसी कार्रवाई का विरोध कर रहे थे। नियमानुसार अपंजीकृत ई रिक्शा शहर में नहीं चलेंगे।