बारिश के आसार बरकरार, आज बरस सकते बदरा
जागरण संवाददाता, कानपुर : फिल्म खुशबू का गीत 'बेचारा दिल क्या करे सावन जले भादो जले' इस मौसम में सटी
जागरण संवाददाता, कानपुर : फिल्म खुशबू का गीत 'बेचारा दिल क्या करे सावन जले भादो जले' इस मौसम में सटीक बैठ रहा है। मानसूनी बारिश की आस लगाए शहरवासियों को सोमवार को दिनभर तपन भरी गर्मी व उमस की मार झेलनी पड़ी। मौसम के इस तेवर के बीच अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री व न्यूनतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन व रात के तापमान में अंतर कम रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री व न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों की मानें तो बारिश के आसार बरकरार हैं। बदरा आज बरस सकते हैं।
तेज धूप के साथ सोमवार को दिन निकला। दिन चढ़ने के साथ पारा बढ़ा तो लोगों की परेशानी भी बढ़ने लगी। दोपहर 12 बजे के बाद धूप इतनी तेज हो गई कि लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया। मौसम विभाग ने देर शाम बारिश की संभावना जताई थी, लेकिन बारिश नहीं हुई। सोमवार को 9.6 किलोमीटर की रफ्तार से उत्तर पश्चिमी हवाएं चलीं जबकि दिन में तेज धूप के बीच हल्की बदली छाए रहने के कारण भी उमस भरी गर्मी बढ़ गई। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डा. अनिरुद्ध दुबे ने बताया कि मंगलवार को भी बारिश की संभावना बरकरार है जबकि 29 व 30 को तेज बारिश होगी।