बदरा बरसने को बेकरार
जागरण संवाददाता, कानपुर : उमस भरी गर्मी से पसीना-पसीना हो रहे शहरवासियों को राहत मिलने वाली है। दिन
जागरण संवाददाता, कानपुर : उमस भरी गर्मी से पसीना-पसीना हो रहे शहरवासियों को राहत मिलने वाली है। दिन भर उमस भरी गर्मी के बाद शाम को चली हवाओं ने मौसम का मिजाज बदल दिया। शाम को आसमान में छाए बादल अब बरसने को बेकरार हैं। मौसम विभाग भी सोमवार से मानसूनी बारिश की संभावना जता रहा है जबकि 29 व 30 जून को तेज बारिश होने के आसार दिखाई दे रहे हैं। रविवार को अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री व न्यूनतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
छुट्टी के दिन की शुरुआत तेज धूप के साथ हुई। सूर्य के तल्ख तेवर के बीच उमस ने भी अपने पैर फैला दिए तो पंखे व कूलर की हवा ने भी साथ नहीं दिया। दोपहर बाद आसमान में बदली के साथ चली तेज हवाओं ने कुछ राहत पहुंचाई। शाम को मौसम खुशनुमा हुआ तो लोग अपने परिवार के साथ घूमने के लिए घरों से निकले। उमस भरी गर्मी से राहत मिलने के कारण लोगों ने शाम का वक्त पार्क व मॉल में घूमकर बिताया। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डा. अनिरुद्ध दुबे बताते हैं कि मौसम में बदलाव शुरू हो चुका है। बीते दिनों क्षेत्रीय चक्रवात की बारिश हुई थी जबकि सोमवार से मानसूनी बारिश शुरू होने वाली है। जितना तापमान रविवार को दर्ज किया गया उतना तापमान अब नहीं बढ़ेगा। दिन में हल्की बदली छाई रहेगी जबकि शाम से बारिश होने की प्रबल संभावना है।