आंधी पानी में उड़ गई शहर की बिजली
जागरण संवाददाता, कानपुर: दोपहर बाद आई आंधी पानी में शहर की बिजली व्यवस्था भी उड़ गई। तारों पर पेड़ व प
जागरण संवाददाता, कानपुर: दोपहर बाद आई आंधी पानी में शहर की बिजली व्यवस्था भी उड़ गई। तारों पर पेड़ व पोल गिरने से ज्यादा परेशानी हुई। मौसम पटरी पर लौटने के बावजूद करीब 40 फीसद फीडर बंद रहे।
शाम करीब चार बजे के बाद मौसम अचानक बदला और आंधी के साथ बरसात होने लगी। इसका असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा। एहतियात के तौर पर कुछ देर के लिए सभी सब स्टेशनों में शट डाउन लिया गया। केस्को सूत्रों के मुताबिक मौसम बेहतर होने के बाद कुल 444 फीडरों में 260 ही शुरू हो सके, जबकि 184 तकनीकी कारणों से बंद रहे। मंगला विहार के श्यामा सदन गेस्ट हाउस के पास एक पेड़ हाईटेंशन लाइन पर गिर पड़ा। इस वजह से क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। इसके अलावा गोविंद नगर, विकास नगर, किदवई नगर, बारादेवी, नौबस्ता, सर्वोदय नगर, कमला टावर, बाबू पुरवा, जाजमऊ आदि क्षेत्रों में मौसम के चलते बिजली गुल रही।
इसके अलावा 11केवी एचएएल और अशर्फाबाद फीडर ट्राली में तकनीकी खामी के चलते शाम करीब साढ़े छह बजे बिजली सप्लाई बंद हो गई। शाम करीब पांच बजे 132केवी कृष्णानगर में आई समस्या के चलते 33केवी हैरिसगंज से बिजली सप्लाई ठप हो गई। शाम करीब पांच बजे सुजातगंज बिजली घर भी बंद हो गया। आंधी के चलते हैलट फीडर भी कुछ देर के लिए बंद रहा। ब्रेकर में आई खराबी के चलते नौबस्ता सब स्टेशन की सप्लाई शाम साढ़े पांच से साढ़े छह बजे तक नहीं हुई। 220 केवी बिठूर का 40 एमवीए का पॉवर ट्रांसफार्मर ट्रिप होने के चलते गंगा बैराज सब स्टेशन से दोपहर चार से छह बजे तक सप्लाई प्रभावित रही।