मतदाता सूची में दो-तीन बार दर्ज है कई का नाम
जागरण संवाददाता, कानपुर : नगर निगम की मतदाता सूची में गड़बड़ी पकड़ में आई है। काकादेव कच्ची बस्ती व
जागरण संवाददाता, कानपुर :
नगर निगम की मतदाता सूची में गड़बड़ी पकड़ में आई है। काकादेव कच्ची बस्ती व नवीन नगर में तमाम ऐसे मतदाता मिले हैं जिनका नाम मतदाता सूची में दो से तीन बार दर्ज है। यह गड़बड़ी एक आरटीआइ कार्यकर्ता देवेंद्र सिंह ने पकड़ी। उन्होंने मामले की राज्य निर्वाचन आयुक्त और जिला निर्वाचन अधिकारी से शिकायत की है।
विधानसभा चुनाव में मतदाता सूची में जबरदस्त गड़गड़ी सामने आई थी। तब भी कई मतदाताओं के नाम सूची में डबल हो गए थे। हजारों के नाम तो सूची से गायब थे। ठीक वैसी ही गड़बड़ी अब नगर निगम के चुनाव में भी देखने को मिल रही है। सिटी मॉडल इंटर कालेज एम ब्लाक काकादेव की मतदाता सूची पर अगर गौर करें तो कच्ची बस्ती के सोनू, हरीराम, सुशील, सुल्तान, सुंदरलाल, सुधा, सन्नो, संजय, श्रीराम, विपिन सोनकर, लल्लन, रोहित जैसे तमाम मतदाता हैं जिनके नाम दो-दो क्रमांक पर दर्ज हैं। एम ब्लाक काकादेव के अंकुर भाटिया, अंजू गहलोत, अनीता सिंह, अमित कुमार गुप्ता, अर्चना, अर्पिता, अरविंद कुमार समेत सौ से अधिक मतदाता हैं जिनके नाम दो- दो बार दर्ज हैं। नामों में बस अंतर कर दिया गया है ताकि ये नाम पकड़ में न आएं। आरटीआइ कार्यकर्ता देवेंद्र सिंह ने मतदाता सूची की पड़ताल में इन गलतियों को पकड़ने के बाद अफसरों को अवगत कराया है। चूंकि मतदाता सूची का पुनरीक्षण अभियान चल रहा है, जल्द ही ये नाम सूची से काट दिए जाएंगे। देवेंद्र सिंह का कहना है कि वे कई वार्डो की सूची का सत्यापन कर रहे हैं।