पांच घंटे पैदल गश्त करेगी पुलिस
जागरण संवाददाता, कानपुर : लूटपाट की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए अब पुलिस हर शाम पांच घंटे सड़क पर
जागरण संवाददाता, कानपुर : लूटपाट की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए अब पुलिस हर शाम पांच घंटे सड़क पर रहेगी। पांच बजे के बाद दो घंटे तक पैदल गश्त की जाएगी और इसके बाद सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। हर संदिग्ध से पूछताछ होगी। पुलिस से उलझने वाले सलाखों में होंगे। डीआईजी सोनिया सिंह ने रविवार शाम मातहतों को यही निर्देश दिए।
प्रदेश में ताबड़तोड़ लूट की वारदातें देख अफसर भी हैरान हैं। मथुरा के बाद कानपुर में दो सराफा कारोबारियों को निशाना बनाए जाने पर शासन से सख्त निर्देश आए हैं। लिहाजा रविवार को डीआईजी ने उन थानेदारों की क्लास लगाई, जहां लूट की वारदातें हो रही हैं। बर्रा, नौबस्ता, किदवईनगर, कल्याणपुर, नवाबगंज, गोविंदनगर, चकेरी आदि थानों के प्रभारी निशाने पर रहे। डीआईजी ने लूट की पुरानी वारदातों की भी समीक्षा की और जल्द खुलासा करने के लिए कहा।
इसके बाद उन्होंने वारदातें रोकने के लिए मास्टर प्लान बनाया। रोजाना पांच से सात बजे तक पैदल गश्त करने और इसके बाद रात 10 बजे तक हर तिराहे व चौराहे पर चेकिंग करने के आदेश दिए। डीआईजी ने कहा कि कहीं लूट हुई तो उसके लिए थानेदार सीधे तौर पर जिम्मेदार माने जाएंगे।